पीडि़त परिवार से मिले राजीव बिंदल

सोलन —प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने सोलन जिला के कंडाघाट उपमंडल के कुरगल के समीप चाकल गांव में भारी वर्षा के कारण मकान ढहने से चार लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। डा. बिंदल सोमवार इस घटना की जानकारी मिलते ही चाकल पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रभावित परिवार से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने भगवान से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। चाकल ग्राम में मकान ढहने से चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। इनमें 32 वर्षीय देवेंद्र पुत्र रूपराम, उनकी पत्नी 28 वर्षीय मीना देवी तथा दो बच्चे छह वर्षीय आदित्य एवं तीन वर्षीय हर्षिता हैं। डा. बिंदल ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा जिला प्रशासन को त्वरित गति से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को राहत एवं पुनर्वास संबंधी आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ है तथा सोलन जिला सहित समूचे प्रदेश में प्रभावितों एवं मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।