बारिश… जगह-जगह गिरे ल्हासे

बंगाणा -बंगाणा उपमंडल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया  है। भारी बारिश से सड़कों पर ल्हासे गिरने से कई मार्ग बंद हो गए हैं। रास्ते बंद होने से कर्मचारियों, स्कूली बच्चों सहित अन्य लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। ऊना-भोटा मार्ग पर जगह-जगह ल्हासे गिरे हैं। वहीं तलाई-बोहरु सड़क मार्ग पर मिट्टी के बड़े-बडे़ ल्हासे आ गिरे हैं। इससे चुरुड़ी व ककराणा के समीप मार्ग पूरी तरह से बंद हो गए हैं। इससे उक्त मार्गों पर करीब छह घंटे तक यातायात सुविधा बाधित रही। हालांकि पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी मलवे को हटाने के लिए युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। बंगाणा उपमंडल में पिछले तीन-चार दिनों से लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह ल्हासे गिर गए हैं। इससे ऊना-भोटा मार्ग तथा तलाई-बोहरु मार्ग अवरुद्ध हो गया है। सड़क पर मिट्टी के साथ-साथ बड़े-बडे़ पत्थर भी सड़क पर आ गए हैं। ऊना-भोटा मार्ग पर ककराणा के समीप एक बड़ा ल्हासा गिरने से एक कार भी उसकी चपेट में आ गई है। हालांकि कार सवार बाल-बाल बच गए। इसके अलावा कई अन्य जगहों पर भी ल्हासे गिरने से यातायात बाधित हुआ है। उधर, बारिश से खेतों में खड़ी मक्की की फसल भी बिछ गई है। खेतों में बारिश का पानी जमा हो गया है। इससे किसानों के चेहरों पर अपनी फसल को लेकर चिंता की लकीरे खिंच गई हैं। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन आरएस कालिया ने बताया कि बारिश के चलते कई स्थानों पर ल्हासे गिरने से रास्ते बंद हुए हैं। सूचना मिलते ही विभाग के कर्मी ल्हासों को हटाने के लिए युद्ध स्तर पर जुट गए हैं। जल्द ही ल्हासों को हटाकर मार्ग को सुचारू कर दिया जाएगा।