संक्रमण पर पशु को चिकित्सक को दिखाएं

By: Aug 9th, 2018 12:02 am

मेरी भैंस की प्रसूति को 15 दिन हुए हैं। वह अभी भी दंदी दे रही है। प्रसूति से पहले भी आखिरी महीने में उसने दंदी दी थी, परंतु कुछ इंजेक्शन लगवाने के बाद वह ठीक हो गई थी। अभी क्या करें

संजय , हमीरपुर

आप अपने पशु की अतिशीघ्र जांच पशु चिकित्सा अधिकारी से करवाएं। हो सकता है कि यह उसके बच्चेदानी में संक्रमण की वजह से हो। अगर संक्रमण होगा तो आपके पशु को एंटीबायोटिक व दर्द निवारक टीके लगेंगे। अगर संक्रमण नहीं होगा, तो आपको उसकी नाड़ी में कैल्शियम चढ़वानी पड़ेगी। साथ ही उसे आप खनिज मिश्रण 50 ग्राम ताउम्र खिलाएं।

पशुओं द्वारा दंदी देने की कई वजह हैं परंतु मुख्य वजह दो हैं-

(1)अनुवांशिक

(2) पशु की कमजोरी

अगर यह रोग अनुवांशिक हो तो यह लाइलाज है। तब मैं आपको राय दूंगा कि आप  पशु का गर्भाधान न करवाएं। अगर यह फिर से गाभिन हो गई तो इसकी प्रसूति के आसपास दोबारा दंदी देने की पूरी संभावना होगी। इससे आपको व आपके पशु को तकलीफ होगी। दंदी देने वाला पशु अकसर प्रसूति के बाद उतना दूध नहीं दे पाता है जितना वह दे सकता है। हां अगर इसकी कट्टी हुई है तो उससे भी बच्चा लेने का प्रयास न करें व उसका दूध कृत्रित ढंग से उतरवाएं।

मेरी गाय पिछली प्रसूति के बाद बैठ गई थी। इलाज के बाद वह ठीक हो गई थी। इस बार वह अभी सात महीने की गाभिन है। क्या करें?

पूजा , रामपुर

ऐसा प्रतीत होता है कि कमजोरी की वजह से पिछली प्रसूति के बाद आपका पशु बैठ गया था। अभी आप

-उसके दूध को सुखा दीजिए।

-उसे पेट के कीड़ों की दवाई दें।

-पशु आहार दो किलो सुबह व दो किलो शाम को खिलाएं। आखिरी महीने में उसका आहार बंद कर उसे दलिया खिलाएं।

-खनिज मिश्रण 50 ग्राम प्रतिदिन ताउम्र खिलाएं। तरल कैल्शियम उसे दे रहे हैं तो तुरंत बंद कर दें व आगे से उसे अपने पशु को न दें।

-आखिरी महीने में उसे 100 मिली सरसों का तेल प्रतिदिन एक महीने पिलाएं।

-अपने पशु को सुबह व शाम 1/2-1 घंटा अवश्य घूमाएं

अगर आप उपरोक्त तरीके से अपने गाभिन पशु की सेवा करेगी, तो आपका पशु प्रसूति से पहले व बाद में न कभी बैठेगा व न कभी दंदी देगा। अगर दंदी पशु के कमजोरी की वजह से होगी।

डा. मुकुल कायस्थ

वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, उपमंडलीय पशु चिकित्सालय पद्धर(मंडी)

फोनः 94181-61948

नोट : हेल्पलाइन में दिए गए उत्तर मात्र सलाह हैं।

Email: mukul_kaistha@yahoo.co.in


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App