सूरचो नाले में बादल फटा, तीन पुल बहे

भावानगर – किन्नौर जिल की भावावैली के सूरचो नाले में बादल फटने से बाढ़ आ गई। बाढ़ के कारण सूरचो नाले में तीन पुल और भावा खड्ड में एक पुल बह गया है। बाढ़ में आए मलबे के कारण शांगो और बेई का शमशान घाट भी मलबे में दब कर तहस नहस हो गया है। ग्राम पंचायत कटगांव के प्रधान पदम चारस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात साढे आठ बजे के करीब लिसतिरंग नामक कंडे में बादल फटने के कारण सूरचो नाले में बाढ़ आ गई। इससे दूतरंग और कानगारंग का संर्पक शेष दुनिया से कट गया है। हालांकि प्रशासन ने लिहाल लोगों को आने जाने के लिए नाले में झूला लगा दिया है। परंतु शांगो से दूतरंग को जोड़ने वाला पुल बाढ़ में बह गया है। पुल बहने से दूतरंग और कानगारंग का रास्ता कट गया है। सूरचो नाले का पानी अब भी उफान पर है। इस कारण दूतरंग और कानगारंग के लोग दूसरे स्थान पर नहीं जा पा रहें है। नाले का जलस्तर बढ़ता देख शांगो गांव के लोग सुरक्षित स्थान पर चले गए। बाढ़ आने से किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन बाढ़ ने शांगो गांव के लोगों मे खौफ पैदा कर दिया है। गौर रहे कि शांगो गांव सूरचो नाले के साथ ही बसा है। ऐसे में कुछ  लोगों के घर सूरचो नाले के निकट बने है। बताया जा रहा है कि जिन लोगों के घर नाले पास बने उनके पास दूसरी जगह भी घर है। वह वहां पर चलें गए है।  एसडीएम भावानगर घनश्याम दास ने कहा कि सूरचों नाले में बाढ़ आने के कारण दो लोहे और एक लकडी का पुल बह गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घर सूरचो नाले के निकट बने है। वह बाढ के बाद अपने दूसरे स्थान पर बने घर में सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट हो गए है। प्रशासन की ओर से टीम को मौके पर नुकसान का आंकलन करने के लिए भेजा गया है।