1258 पेड़ों पर चलेगी कुल्हाड़ी

चबंघाट-कैथलीघाट फोरलेन के दूसरे चरण के लिए कटान शुरू

कंडाघाट — दूसरे चरण में चबंघाट से कैथलीघाट तक बनने वाले फोरलेन को लेकर सरकार द्वारा सरकारी भूमि में पेड़ों को काटने की अनुमति दे दी गई है। सरकार द्वारा दी गई अनुमति के बाद इस मार्ग पर पेड़ों को काटने का कार्य शुरू कर दिया गया है। पेड़ों को काटने का कार्य जोखड़ी के मथीया बीट से शुरू किया गया है। शनिवार को मथीया बीट में आने वाले पेड़ों को पेड़ काटने वाले ठेकेदार हेमराज  द्वारा वन विभाग के वन रक्षक सोलन इकाई रमेश शर्मा व वन रक्षक रति राम की देखरेख में पेड़ काटे गए। जानकारी के अनुसार चंबाघाट से कैथलीघाट तक बनाए जाने वाले फोरलेन को जल्द बनाने को लेकर पेड़ काटने वाले ठेकेदार द्वारा   कार्य शुरू कर दिया गया है। सरकार द्वारा इस मार्ग पर जोखड़ी के मथीया बीट से सलोगढ़ा से दो मोड़ पीछे तक सरकारी भूमि पर लगे पेड़ों को काटने की अनुमति दे दी गई है। जोखड़ी के मथीया बीट से सलोगढ़ा से दो मोड़ पीछे तक सरकारी भूमि पर लगभग 1258 पेड़ों को काटा जाएगा।  शनिवार सुबह दस बजे से जोखड़ी के मथीया बीट से पेड़ों को काटने का कार्य शुरू हो गया था।  शनिवार को जैसे ही ठेकेदार द्वारा पेड़ काटने का कार्य शुरू किया गया वैसे ही जोखड़ी, सलोगढ़ा सहित इसके साथ लगते अन्य गांव के लोग लकडि़यां ले जाने के लिए मौके पर पहुंच गए।

जाम लगने से सैलानी परेशान

पेड़ों के कटान के चलते इस मार्ग पर दोनों तरफ लंबा जाम भी लगता रहा।  शनिवार व रविवार की छुट्टी होने के चलते निचले राज्यों के लोगों ने शनिवार सुबह ही हिमाचल का रुख कर लिया था, जिसके चलते इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही की संख्या काफी हो गई थी। कटान के चलते कई पेड़ मुख्य मार्ग पर भी गिरते रहे, जिसके चलते मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए समय-समय पर कुछ मिनटों के लिए बंद होता रहा, जिसके चलते पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।