पर्यटन निगम ने होटलों के बाहर रोपी हरियाली

मनाली —प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने मनाली में पौधारोपण कर अपना 46वां स्थापना दिवस मनाया। निगम ने अपने होटलों के इर्द-गिर्द पौधारोपण कर खुशियां बांटी। पर्यटन निगम का कहना है कि उनके सभी अधिकारी व कर्मचारियों ने पौधारोपण में भाग लेकर हरियाली बचाए रखने का संकल्प लिया। गौरतलब है कि पर्यटन निगम की स्थापना सन् 1972 में की गई थी और तब से लेकर अब तक निगम हर साल पहली सिंतबर को स्थापना दिवस के रुप में मनाता आ रहा है। पर्यटन निगम मनाली के उपमहाप्रबंधक अरविंद सेन ने बताया कि 46वें स्थापना दिवस पर पर्यटन निगम सितंबर के प्रथम सप्ताह को मना रहा है। उन्होंने बताया कि उनके होटलों में 30 से 50 प्रतिशत तक विशेष छूट पहले ही दी जा रही है, जो 15 सितंबर तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि स्थानपा दिवस पर सैलानियों को निगम की ओर से निशुल्क मनचाही डिश भी परोसी जा रही है। उन्होंने बताया कि परिसर सहित निगम के सभी होटलों के परिसरों में पौधारोपण किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। ने बताया कि जुलाई व अगस्त में कारोबार धीमा रहा है लेकिन अब निगम की नजरें दशहरा सीजन पर टिक गई है जिसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पौधारोपण में मैनेजर तुलसी राम, दुनी चंद, सहित सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।