कुछ कुछ होता है के रीमेक में काम करना चाहते हैं रणवीर सिंह

मुंबई –  बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह सुपरहिट फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के रीमेक में काम करना चाहते हैं। करण जौहर निर्देशित फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ ने हाल ही में अपने प्रदर्शन के 20 साल पूरे कर लिये हैं। कुछ कुछ होता है में शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी ने मुख्य भूमिका निभायी थी। रणवीर सिंह ने इच्छा जतायी है कि करण जौहर इस फिल्म का रीमेक बनाएं। उन्होंने इस फिल्म के दूसरे कैरेक्टर्स के लिए दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर का भी नाम लिया है।
‘कॉफी विद करण 6’ में जब करण ने रणवीर से पूछा कि वह आने वाले समय में किसके साथ कैरियर में आगे जाना चाहते हैं आलिया भट्ट या दीपिका पादुकोण? तो रणवीर ने जवाब दिया दोनों! इसके साथ ही रणवीर ने करण जौहर से यह भी कह डाला कि वह जल्द से जल्द ‘कुछ कुछ होता है-2’ बनाएं जिसमें उन्हें लीड रोल दें, आलिया और दीपिका भी फिल्म में रहें।
साथ ही रणवीर ने यह भी सलाह दी कि सलमान खान वाला रोल वह रणबीर कपूर को दें। हाल ही में जब करण से पूछा गया था कि यदि उन्होंने दोबारा यह फिल्म बनायी तो वह किसे लेना चाहेंगे। उस समय करण ने आलिया, जाह्नवी कपूर और रणबीर का नाम लिया था। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कहा था कि उनका ऐसा कुछ बनाने का कोई इरादा नहीं है क्योंकि अब वह इस फिल्म के बारे में उस तरह से सोच ही नहीं पाते।