प्रशासन ने बरमाणा से हटाए सभी अवैध कब्जे

जुखाला —बिलासपुर जिला भर में लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी मुहिम चला दी है जिसके अंतर्गत जिला प्रशासन ने एक मास्टर प्लान तैयार किया है। इसी के तहत त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस प्लान को एकदम से लागू करते हुए जिला प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट नगर के रूप मंे विख्यात बरमाणा से सभी अवैध कब्जे हटा दिए हैं। जिला प्रशासन ने सोमवार को बरमाणा से अवैध कब्जों को हटाने के अभियान का श्रीगणेश किया था जिसके बाद गुरुवार को दोबारा बरमाणा में बचे हुए अवैध कब्जों को जिला प्रशासन ने हटा दिया। गुरुवार को जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर निशानदेही की तथा लोगों द्वारा बनाए गए पक्के मकानों का जो जो भाग अवैध निकला उसे जिला प्रशासन ने हटा दिया। इस कड़ी में आठ लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया है। कुछ लोगों के मकान के छज्जे कुछ की सीडि़यां इत्यादि जो भी अवैध रूप से थे उन्हें जिला प्रशासन ने मौके पर जाकर हटाया। जिसके बाद जिला प्रशासन द्वारा बरमाना से सभी अवैध कब्जे हटा दिए गए हैं। गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने अपने अभियान के तहत ट्रांसपोर्ट नगर बरमाणा से सोमवार को छह खोखे हटा दिए गए थे और दो पक्के भवनों के बिजली, पानी के कनेक्शन काटने के संबंधित विभाग को निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला प्रशासन ने बरमाणा में शेष बचे आठ अन्य अवैध कब्जो को पूरी तरह से हटा दिया है। इसके बाद अब जिला प्रशासन अपने प्लान के तहत कंदरौर में हुए अवैध निर्माण को हटाने का कार्य शुरू कर देगा जिसके साथ ही गसौड़ में भी हुए अवैध कब्जो को हटाया जाएगा। जिला प्रशासन ने अवैध कब्जों को हटाने के लिए अपना रुख कर दिया है और वह इस प्लान के तहत पूरे जिला भर से अवैध कब्जे हटाने में जुट गया ह। बरमाणा में उच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना करते हुए जिला प्रशासन ने फोरलेन सड़क के निर्माण के दायरे में आने वाले सभी अवैध कब्जों को हटा दिया है। इस मौके पर सदर तहसीलदार जयगोपाल शर्मा, कानूनगो, पटवारी, फोरलेन के कर्मचारी व एसएचओ बरमाणा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।