यूक्रेन ने लगाया मार्शल लॉ

By: Nov 28th, 2018 12:09 am

रूस से टकराव; समुद्री जहाज जब्त करने,नाविकों को बंधक बनाने के मामले ने तूल पकड़ा

कीव —रूस और यूक्रेन के ताजा टकराव ने वैश्विक ताकतों के बीच एक बार फिर तनाव पैदा कर दिया है। एक तरफ अमरीका और यूरोपीय संघ ने रूस पर दबाव बढ़ाया है तो दूसरी तरफ यूक्रेन की संसद ने सीमावर्ती क्षेत्रों में मार्शल लॉ लगाने को मंजूरी दे दी है। उधर, रूस के सरकारी टेलीविजन चैनलों पर समुद्र में टकराव को लेकर मास्को के कीव के तीन जहाजों को जब्त कर लेने के बाद बंधक बनाए गए यूक्रेनी नाविकों की तस्वीरें प्रसारित की गईं। इस मामले में गहन चर्चा के बाद 276 सांसदों ने 30 दिन के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में मार्शल लॉ लगाने के राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको के प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। बता दें कि यह फैसला तब किया गया, जब रूसी बलों ने रविवार को कीव के तीन जहाजों को जब्त कर लिया था। रूस ने आरोप लगाया कि अजोव सागर में क्रीमिया के तट के पास जहाज अवैध तरीके से रूसी जल क्षेत्र में प्रवेश कर रहे थे। मार्शल लॉ यूक्रेन के अधिकारियों को सैन्य अनुभव वाले नागरिकों को लामबंद करने, मीडिया का नियमन करने और जनसभाओं को सीमित करने की शक्ति देता है। पोरोशेंको समूचे देश में मार्शल लॉ लगाना चाहते थे, लेकिन विपक्षी सांसदों के विरोध की वजह से इसे सीमावर्ती क्षेत्रों तक ही सीमित रखा गया। मतदान से पहले पोरोशेंको ने मास्को पर ‘नए चरण का आक्रामक बर्ताव’ करने का आरोप लगाया। यूक्रेनी सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है और बंधक बनाए गए नाविकों की कई तस्वीरें रूस के सरकारी चैनल रोसिया 24 पर प्रसारित की गईर्ं, जिसमें मास्को की सुरक्षा सेवा के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। एक समय में नाविकों में से एक को यह कहते सुना जा रहा है कि ‘कर्च जलडमरूमध्य में यूक्रेन के सशस्त्र जहाजों की कार्रवाई उकसाने वाली प्रकृति की है। इस घटना से सैन्य गतिविधियां बढ़ने का डर पैदा हो गया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें अमरीकी राजदूत निक्की हेली ने रूस को गैर कानूनी कार्रवाई के लिए चेतावनी दी है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी घटना का आकलन किया। ट्रंप ने कहा कि जो कुछ भी हो रहा है हम उसे पसंद नहीं करते हैं और उम्मीद है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। मुझे मालूम है कि यूरोप को भी अच्छा नहीं लग रहा है। वे भी इस पर काम कर रहे हैं। हम भी इस पर साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App