उत्तर भारत में बढ़ी ठिठुरन

शीतलहर-पाले के कहर से अभी राहत नहीं, जनजीवन प्रभावित

चंडीगढ़ –पंजाब तथा हरियाणा सहित उत्तर भारत में शीतलहर तथा पाले का कहर जारी है तथा आने वाले कुछ दिनों तक इससे राहत की संभावना नहीं है। मौसम केंद्र के अनुसार अगले चार दिनों तक शीतलहर तथा पाले का प्रकोप जारी रहेगा और इसके बाद घने कोहरे के आसार हैं। क्षेत्र में हाड़कंपाती ठंड के कारण आम जनजीवन पर असर पड़ा। दिन में ठंड से कुछ राहत मिली। क्षेत्र में शाम से सुबह तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आदमपुर का पारा गुरुवार को भी एक डिग्री तक रहने से जनजीवन पर असर पड़ा। पंजाब और हरियाणा में गुरुवार को भी शीत लहर का प्रकोप जारी रहा। दोनों राज्यों में ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि पटियाला, लुधियाना, पठानकोट, आदमपुर, हिसार और अंबाला समेत ज्यादातर स्थानों पर कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। दोनों राज्यों में पंजाब का आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में रात का तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 2.9 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 3.6 डिग्री सेल्सियस, हल्वारा में 4.4 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 5.6 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 2.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 3.7 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 3.2 डिग्री सेल्सियस, सिरसा में 4.6 डिग्री सेल्सियस और करनाल में चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में भी कड़ाके की ठंड रही। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।