एक नजर

By: Dec 22nd, 2018 12:01 am

पशु व्यापारियों की मॉब लिंचिंग में आठ को उम्रकैद

लातेहार (झारखंड)। शुक्रवार को लातेहार न्यायालय ने चर्चित दोहरे हत्या कांड के मुख्य आठ आरोपियों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। डीजे प्रथम ऋषिकेश कुमार की अदालत ने आठों आरोपियों को सजा सुनाते हुए 25-25 हजार जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना नहीं देने पर एक साल का अतिरिक्त सजा होगी। दोषियों में मनोज साहू, अवधेश साव, सहदेव सोनी, प्रमोद साहु, मिथलेश साव, मनोज कुमार साव, विशाल तिवारी, अरुण साव शामिल हैं।

रेपिस्ट विधायक को उम्रकैद की सजा

पटना। बिहारशरीफ के चर्चित नाबालिग रेपकांड में राजद से निलंबित विधायक राजबल्लभ यादव को उम्रकैद की सजा और 50 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश परशुराम सिंह यादव ने सजा सुनाई है।

आतंकी हमले में छह सीरियाई सैनिकों की मौत

मॉस्को । सीरिया के लताकिया प्रांत में आतंकवादियों की गोलाबारी में सीरिया के छह सैनिकों की मौत हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए थे। सीरिया में रूसी सामंजस्य केंद्र ने गुरुवार को यह जानकारी दी। रूसी सामंजस्य केंद्र की ओर से जारी बयान के अनुसार इदलिब क्षेत्र के आतंकवादियों ने लताकिया प्रांत के अराफिट, दुढ-अबू-असद तथा मसासना और हमा प्रांत में निहा, ताल-मराक तथा जुब्बयान के साथ ही अलेप्पो के सुक्कारी जिले में हमला किया था।

नाइजीरिया में बंदूकधारियों के हमले में 25 की मौत

अबुजा। अफ्रीकी देश नाइजीरिया के उत्तरी प्रांत जामफरा में तीन अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में कम से कम 25 लोगों के मारे जाने तथा कई अन्य के घायल होने का मामला सामने आया है। समाचार पत्र दिसडे की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक गारिन हलाडु में हुए हमले में 12, नासरवा में चार और गारिनकका में नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सबसे ज्यादा संख्या युवाओं की है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि हमले के शिकार लोग घटना के समय आलू के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान बंदूकधारियों ने हमला कर दिया। जामफरा में इस वर्ष अब तक इस तरह के हमलों में सैकड़ों की संख्या में लोग मारे जा चुके हैं।

दिल्ली की हवा अब भी बहुत खराब

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की सुबह दिल्लीवासियों को कड़ाके की ठंड के साथ ‘बहुत खराब’ आबोहवा का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सुबह नौ बजे दर्ज की गयी वायु की गुणवत्ता सूचकांक स्तर पर 390 यानी ‘बहुत खराब’ रही। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 89 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। राजधानी में जारी शीतलहर शनिवार को भी जारी रहेगी। गुरुवार का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App