छह डिग्री लुढ़का चंडीगढ़ का पारा

चंडीगढ़  -पहाड़ों में बर्फबारी का असर सिटी ब्यूटीफुल में तापमान में गिरावट के तौर पर देखा गया। यहां मौसम विभाग की मानें तो बारिश के बाद तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य तापमान से छह डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जोकि सामान्य से पांच डिग्री कम है। विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। गुरुवार को भी आसमान पर बादल छाए रहेंगे। शुक्रवार से मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय धुंध परेशान कर सकती है। चंडीगढ़ में ठंड से जहां जनमानस को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं, हिमाचल की ओर बर्फबारी का मजा लेने को भी शहरवासी उत्साही दिख रहे हैं। कई युवा इस समय शिमला, कुल्लू-मनाली आदि में जाकर सीजन की पहली बर्फबारी का आनंद ले रहे है।

धुंध ने ठहराई जिंदगी

धुंध के चलते रेलवे यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बुधवार को सुबह 9ः35 बजे पहुंचने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा नौ घंटे की देरी से शाम को 6ः50 बजे पहुंची। इसके अलावा डिबू्रगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस एक घंटे, लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 2 घंटे 22 मिनट, कालका मेल 47 मिनट और सद्भावना एक्सप्रेस 35 मिनट देरी से चंडीगढ़ पहुंची।

50 से ज्यादा ट्रेनें स्थगित

गौरतलब है कि धुंध के चलते रेल यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए अंबाला मंडल की 50 से ज्यादा ट्रेनों को एक महीने के स्थगित कर दिया गया है।