ठंड ने 11 साल का तोड़ा रिकॉर्ड,जमी डल झील

By: Dec 27th, 2018 9:11 pm

श्रीनगर-जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस कम के साथ ठंड ने करीब 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया और विश्व प्रसिद्ध डल झील जम गयी। पर्यटकों और स्थानीय लोगाें ने ‘बर्फ ’बनी झील पर चहलकदमी की तस्वीरें लीं। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम है। करीब 11 साल के बाद राजधानीवासियों को ऐसी सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। इस मौसम में इसके पहले 24 दिसंबर को न्यूनतम तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ था। सूत्रों के अनुसार पारा गिरने के कारण डल झील सहित जलाशयों और नलों में बर्फ जम गयी। दिन चढ़ने के साथ धूप खिली लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को सूरज की गर्माहट से वंचित रखा। तापमान में गिरावट की वजह से श्रीनगर तथा उसके बाहरी क्षेत्रों में अधिकतर जलाशयों में बर्फ जम गयी। खाली मैदानों, सड़कों तथा अन्य जगहों पर भी कमोवेश यही हालत थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App