प्रसूति के बाद खिलाएं गाय को दलिया

By: Dec 20th, 2018 12:05 am

क्या ताजा प्रसूति गाय को पशु आहार दे सकते हैं?

राजेश, बिलासपुर

जी हां, ताजा प्रसूति गाय को पशु आहार दे सकते हैं, परंतु अच्छा होगा अगर अभी आप उसे दलिया खिलाओ क्योंकि प्रसूति से पहले व प्रसूति के बाद पशु अत्याधिक तनाव में होता है। इस समय उसे ज्यादा ऊर्जा की जरूरत होती है ताकि वह स्वस्थ रहे।  पशु आहार को पचाने के लिए भी ऊर्जा की जरूरत होती है। दलिया तो पहले ही पकाया होता है। इसलिए उसे पचाने के लिए पशु की कम ऊर्जा लगती है। इसलिए प्रसूति से पहले व बाद में पशु को दलिया खिलाना चाहिए।

प्रसूति से एक 1/2 महीने पहले व एक 1/2 महीने बाद का समय पशु के लिए संवेदनशील होता है, परंतु प्रसूति से तीन हफ्ते पहले व तीन हफ्ते बाद का समय अति संवेदनशील होता है। इस समय पशु को ऊर्जा की अत्यधिक आवश्यकता होती है। इसलिए इस समय पशु को दलिया देना आवश्यक है ताकि पशु को इसे पचाने में ज्यादा ऊर्जा न लगे।

यह ऊर्जा पशु को स्वस्थ रखने में मदद करेगी। अपने पशु की प्रसूति के बाद-

आधे घंटे में पशु का कीड़ निकाल दें। प्रसूति के बाद एक घंटे के अंदर कीड़ बच्चे को पिला दें। उसके बाद गाय की गर्म पानी से सफाई करें व दलिया खिलाएं। साथ ही उसे हरा-चारा व सूखा चारा अवश्य खिलाएं। दूसरी बार उसे दलिया लगभग पहली बार खिलाने के 8-12 घंटे बाद खिलाएं। साथ ही उसे खनिज मिश्रण 50 ग्राम प्रतिदिन ताउम्र खिलाएं।

प्रसूति के बाद लगभग 21 दिन तक उसे दलिया खिलाएं व उसके बाद दलिया बंद कर उसे पशु आहार शुरू कर दें।

मेरी गाय आठ महीने की गाभिन है। उसे क्या खिलाना चाहिए

सुरिंद्र, मंडी

अगर अभी तक आपने अपने पशु का दूध नहीं सुखाया है तो उसे सुखा दीजिए। उसके बाद  उसे पेट के कीड़ों की दवाई दें। पशु आहार एक 1/2 किलो सुबह व एक 1/2  किलो शाम को खिलाएं। जब उसका आखिरी (नौवां) महीना शुरू हो तो आहार बंद कर दलिया खिलाना शुरू करें।

खनिज मिश्रण 50 ग्राम प्रतिदिन ताउम्र दें। (अगर उसे आप तरल कैल्शियम दे रहे हैं तो बंद कर दें।) आखिरी महीने में 100 एमएल सरसों का तेल प्रतिदिन दें। सुबह व शाम आधे-एक घंटे अपने पशु को अवश्य घुमाने ले जाएं।

डा. मुकुल कायस्थ

वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, उपमंडलीय पशु चिकित्सालय पद्धर(मंडी)

फोनः 94181-61948

नोट : हेल्पलाइन में दिए गए उत्तर मात्र सलाह हैं।

Email: mukul_kaistha@yahoo.co.in


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App