विपक्ष के कहे पर चलने वाला नहीं

By: Dec 24th, 2018 12:08 am

 सोलन  -मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वह विपक्षी दल कांग्रेस की चाहत के अनुसार नहीं चल सकते। वह वैसा चलेंगे जैसा प्रदेश चाहेगा, संगठन चाहेगा। सोलन में शिमला संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष हर बार उनके दिल्ली दौरे को लेकर चिंतित रहता है, लेकिन वक्त इसका जवाब देगा कि वह दिल्ली क्यों जाते हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान केंद्र से नौ हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट मंजूर हुए हैं, जबकि 14 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष लगातार पूछता रहा कि केंद्र से कितना पैसा मिला है, लेकिन वह हर बार यही जवाब देते रहे कि जो भी आएगा वह प्रदेश के विकास में खर्च किया जाएगा। विपक्ष की तरह जेब में नहीं जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। लोगों ने उन्हें सुनना बंद कर दिया है। जब सुनना बंद किया है तो वे चिल्लाने लगते हैं और अनर्गलबयानबाजी करते हैं। अब तो कांग्रेस पार्टी के लोग गालियां देने पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सरकार बनाता है, जबकि सरकार संगठन नहीं बना सकती। आज वह जो भी हैं, संगठन की वजह से ही हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के लिए मौजूद कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ किया गया जनमंच आम लोगों की शिकायतों का निपटान उनके घर-द्वार के निकट करने में सहायक सिद्ध हो रहा है। इस कार्यक्रम ने राजनीतिक विरोधियों की रातों की नींद हराम कर दी है। पूरे राज्य में जनमंच के तहत आम लोगों की 20 हजार से अधिक समस्याओं और शिकायतों का निवारण किया गया है। उन्होंने भारत सरकार द्वारा शुरू की गई उज्ज्वला योजना और प्रदेश सरकार की गृहिणी सुविधा योजना के बारे में भी कार्यकर्ताओं को बताया। उल्लेखनीय है कि शिमला संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुखों के सम्मलेन में 2006 बूथों के 30000 से अधिक पन्ना प्रमुखों ने भाग लिया। पहला पन्ना प्रमुख सम्मेलन इस साल के नवंबर माह में मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए मंडी में आयोजित किया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App