चंडीगढ़ में थ्रिल जोन दौड़ेगा नशे के खिलाफ

चंडीगढ़ –थ्रिल जोन 27 जनवरी को पंजाब हाफ मैराथन का आयोजन कर रहा है। यह इस आयोजन का 5वां एडिशन होगा। थ्रिल जोन साल में दो बार छह महीने के अंतराल के साथ इस मैराथन का आयोजन करवा रहा है। मैराथन को चंडीगढ़ क्लब, सेक्टर-वन में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए आयोजक  पीसी कुशवाहा ने बताया कि थ्रिल जोन ने हमेशा अपने आयोजन के माध्यम से समाज को अपनी चुनौतियों से निपटने के लिए समर्थन प्रदान किया है, जो कि पूरा साल आयोजित किया जाता है। यह स्पष्ट है कि पंजाब अब काफी समय से नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने बताया कि थ्रिल जोन ने इस सामाजिक बुराई के खिलाफ आवाज बुलंद करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों को एक टी-शर्ट, मेडल, सर्टिफिकेट, रिफ्रेशमेंट, एनर्जी ड्रिंक, बीआईबी टाइम-चिप के साथ दी जाएगी। मैराथन में प्रतिभागियों की रूचि और उम्र के आधार पर अलग-अलग दूरी होगी, जिनमें 21 किमी (हाफ मैराथन), 10 किमी, पांच किमी (टाइमिंग चिप के साथ) और पांच किमी (फन रन, बिना टाइमिंग चिप के) शामिल हैं। इस मौके पर कई गणमान्य हस्तियों के मौजूद रहने की भी संभावना है।