12 साल बाद फरवरी के अंत में हिमपात

By: Feb 28th, 2019 12:15 am

बर्फबारी-बारिश से ठिठुरा हिमाचल, शिमला-मनाली सहित छह शहरों का तापमान माइनस में

शिमला – एक बार फिर से बर्फबारी और बारिश के चलते समूचा हिमाचल ठिठुरने लगा है। मंगलवार देर रात से जारी बर्फबारी और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह 11 बजे तक पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से मिली जानकारी के मुताबिक जनजातीय जिला किन्नौर, लाहुल-स्पीति, चंबा, मनाली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जिस कारण पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। इसके साथ ही प्रदेश के छह क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान माइनस में चला गया है। खास कर लाहुल-स्पीति के केलांग में सबसे अधिक ठंड हो गई है। यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी शिमला माइनस 1.4, कल्पा माइनस 6.0, मनाली माइनस 1.0, डलहौजी माइनस 2.0 और कुफरी का न्यूनतम तापमान माइनस पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बताया गया कि शिमला में 12 साल बाद फरवरी के अंत में इस बार ऐसी बर्फबारी हुई। इससे पहले वर्ष 2007 में बर्फबारी हुई थी, जिस दौरान 113 सेंटीमीटर बर्फ पड़ी थी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गुरुवार और शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा, जबकि दो और तीन मार्च को फिर से बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है। इस तरह से प्रदेश में आगामी पांच मार्च तक मौसम खराब रहेगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार को शिमला में पांच सेंटीमीटर बर्फ पड़ी, जबकि कल्पा में 13 सेंटीमीटर, मनाली में पांच सेंटीमीटर बर्फ गिरने की सूचना है, जिस तरह से मौसम करवट बदल रहा है, इससे जाहिर है कि मार्च महीने का पहला सप्ताह भी प्रदेश की जनता को शीतलहर के दौर से गुजरना पड़ेगा। पर्यटन स्थल नारकंडा और कुफरी भी बुधवार सुबह से बंद रहा। बर्फबारी के बाद शिमला से ऊपरी शिमला के लिए जाने वाली बसें नहीं चलाई गईं। रोहडू़, चौपाल और नेरवा शेष विश्व से कट चुका है, जबकि रामपुर और किन्नौर के लिए वाया मशोबरा से बसें चलाई गईं।

कहां, कितना तापमान

शहर      न्यूनतम तापमान

केलांग     -11.0डिग्रीसे.

कल्पा     -6.0डिग्री से.

कुफरी     -5.0 डिग्री से.

शिमला    -4.1डिग्री से.

डलहौजी  -2.0डिग्री से.

मनाली     -1.0डिग्री से.

नाहन      2.1डिग्री से.

चंबा         3.0डिग्री से.

सोलन       3.5डिग्री से.

पालमपुर     4.0डिग्री से.

धर्मशाला     4.2डिग्री से.

भुंतर         4.5 डिग्री से.

सुंदरनगर    5.5 डिग्री से.

मंडी         6.1 डिग्री से.


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App