चुनावी आहट, जागे सियासी सिपाही

By: Mar 12th, 2019 12:01 am

मंडी में टिकट के चाहवानों की बाढ़

मंडी – लोकसभा चुनावों की घोषणा के साथ ही अब चुनाव की बिसात बिछ गई और देश के दूसरे सबसे बडे़ लोकसभा क्षेत्र से चुनावी दूल्हा बनने के लिए कई तैयार हैं। इस बार मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा-कांग्रेस में टिकट के तलबगारों की लिस्ट काफी लंबी हो गई है। हालाकि अब तक मंडी संसदीय क्षेत्र से दोनों दलों के बडे़ चेहरे व वजीर ही चुनाव लड़ते आए हैं, लेकिन पिछले लोक सभा चुनावों में भाजपा के राम स्वरूप शर्मा ने नए चेहरे के रूप में दस्तक देकर पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को हरा कर नई पारी की शुरुआत की थी। वहीं, अब इस बार राम स्वरूप शर्मा जहां फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, तो वहीं कई नए चेहरे उनका टिकट कटवा कर सेहरा अपने सिर सजाने की जुगाड़ में लगे हुए हैं। यही हाल कांग्रेस के अंदर भी बना हुआ है। कांग्रेस हमेशा मंडी सीट पर अपने बडे़ नेता ही उतारती रही है, लेकिन इस बार कांग्रेस के अंदर भी युवा तुर्क पार्टी के बडे़ नेताओं को टक्कर दे रहा है। हालांकि अभी तक दोनों ही दलों से टिकट को लेकर संशय बना हुआ है। भाजपा में राम स्वरूप शर्मा के समर्थक ही उनका टिकट पक्का मानकर आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन पार्टी में राम स्वरूप को पंडित सुखराम परिवार से ही सबसे बड़ी टक्कर मिल रही है। इस सीट से अपने पौते आश्रय शर्मा को मैदान में उतारने के लिए पंडित सुखराम ने दिल्ली में मोर्चा खोला हुआ है, तो वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा, कारगिल हीरो बिग्रेडियर खुशहाल ठाकुर और युवा नेता प्रवीण ठाकुर भी टिकट की दौड़ में हैं। उधर, कांग्रेस पार्टी के अंदर मंडी सीट को लेकर संशय इस बार ज्यादा गहरा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपने परिवार से किसी को भी चुनाव न लड़वाने का ऐलान कर चुके हैं, लेकिन मंडी सीट पर आज भी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ही सबसे मजबूत उम्मीदवार हैं। उनके बाद पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर भी इस बार चुनावी दौड़ में हैं और कई दिनों से फील्ड में डटे हुए हैं, लेकिन कांग्रेस के युवा तुर्क ने इस बार मंडी सीट पर अपना बड़ा दावा पेश कर हाईकमान को सोचने पर विवश कर दिया है। कांग्रेस में मंडी से ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता केशव नायक, संजीव गुलेरिया, ललित चौधरी, कुल्लू से बुद्धि सिंह ठाकुर, विद्या देवी उम्मीदवारों की लिस्ट में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री की पसंद

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का संसदीय क्षेत्र होने के चलते भाजपा में टिकट उनकी पसंद पर ही निर्भर करेगा। हालांकि मुख्यमंत्री की पत्नी साधना ठाकुर के भी चुनाव लड़ने की चर्चा जोरों पर है, लेकिन अभी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का साथ राम स्वरूप शर्मा के साथ बना हुआ है।

कांग्र्रेस की जनचेतना यात्रा आज से

शिमला – लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाने के लिए जनचेतना यात्रा शुरू करने जा रही है। मंगलवार से जन चेतना यात्रा शुरू हो रही है, जिसमें कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के साथ सोलन जिला के कांग्रेसी नेता जुटेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर जन चेतना यात्रा के तहत मंगलवार को सुबह 11ः30 बजे राजीव भवन सोलन विधानसभा क्षेत्र को फ्लैग आउट करेंगे। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री सोलन विधानसभा के विधायक धनीराम शांडिल विशेष तौर पर साथ रहेंगे। श्री राठौर कंडाघाट, साधुपुल होते हुए सकोरी चायल, डंगहील, नौणी, ओच्छघाट व शामटी में रैली को संबोधित करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App