चुनावी रैंप पर कांग्रेस नेताओं की कैटवॉक

By: Mar 1st, 2019 12:01 am

कांगड़ा से चार नेता टिकट की दौड़ में आगे मंडी, हमीरपुर व शिमला अभी राम भरोसे

शिमला – इस साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के पास अभी तक कोई भी संभावित चेहरा फाइनल नहीं हो पाया है। यहां सिर्फ टिकट के रैंप पर नेताओं का कैटवॉक शुरू हो चुका है। प्रदेश में कांग्रेस अभी तक असमंजस में हैं कि आखिर किसे मैदान में उतारा जाए। भले ही प्रदेश कांग्रसे कमेटी ने टिकट के लिए आवेदन भी मांगे और लाखों रुपए एकत्रित भी कर लिए हों, मगर संभावित प्रत्याशियों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। वर्ष 2014 में कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में रह कर भी चारों सीटें गंवा चुकी थी। मंडी संसदीय सीट की बात करें तो यहां से पूर्व में सांसद रहीं और पूर्व प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के नाम पर कोई चर्चा तक नहीं हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी होने पर भी पिछली बार प्रतिभा सिंह को मंडी सीट से करारा झटका लगा था। कांग्रेस की राजनीति में चर्चा है कि मंडी सीट से वीरभद्र सिंह ही भाजपा को टक्कर दे सकते हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने ऐसी हुंकार नहीं भरी। कांगड़ा संसदीय सीट पर दो पूर्व मंत्रियों के नाम पर चर्चा चल रही है। अब जीएस बाली और सुधीर शर्मा के साथ-साथ कांगड़ा के विधायक पवन काजल का भी नाम चल पड़ा है। पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार भी टिकट के लिए आवेदन कर चुके हैं। शिमला संसदीय सीट पर अभी तक दो नेताओं के नाम पर चर्चा चल रही है। पूर्व मंत्री एवं सोलन से विधायक धनीराम शांडिल और युवा नेता विनोद सुलतानपुरी में से किसी एक को टिकट मिल सकता है। राहुल गांधी के फार्मूले पर गौर करें तो युवा नेता विनोद सुलतानपुरी को टिकट मिल सकता है। पूर्व के चुनावी आंकडे पर गौर करें तो कांग्रेस इस बार के लोकसभा चुनावों में विनोद सुलतानपुरी पर दांव खेल सकती है।

2014 के चुनाव में हुआ था सूपड़ा साफ

2014 के चुनावों में कांगड़ा सीट से बीजेपी के शांता कुमार ने 456163 वोट हासिल की थी, जबकि कांग्रेस के चंद्र कुमार को 286091 मत मिले। मंडी संसदीय सीट से बीजेपी के रामस्वरूप शर्मा को 362824 और कांग्रेस की प्रतिभा सिंह को 322968 वोट मिले। शिमला से बीजेपी के वीरेंद्र कश्यप को 385973 तथा कांग्रेस के मोहन लाल ब्राक्टा को 301786 वोट मिले। इसी तरह से हमीरपुर संसदीय सीट से बीजेपी के अनुराग ठाकुर को 448035 और कांग्रेस के राजेंद्र राणा को 349632 वोट मिले।

हमीरपुर सीट से भाग रहे कांग्रेसी दिग्गज

पिछले कई दशकों से भाजपा गढ़ हमीरपुर संसदीय सीट पर कांग्रेस के पास अभी तक ठोस विकल्प नहीं है। सूत्रों के मुताबिक नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और पूर्व विधायक अनिता वर्मा के नाम पर चर्चा चल रही है। वहीं, दूसरी तरफ सुजानपुर से कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा के बेटे अभिषेक राणा ने भी टिकट के लिए आवेदन किया है। वर्ष 2009 से कांग्रेस यहां से हार रही है और लगातार इस सीट पर भाजपा के अनुराग ठाकुर चुनाव जीतते आ रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App