प्रदेश को 319.73 करोड़ का नुकसान

By: Mar 1st, 2019 12:01 am

विंटर सीजन ने हिमाचल पर खूब बरपाया कहर

शिमला – हिमाचल प्रदेश में विंटर सीजन कोहराम बनकर बरसा है। मौजूदा विंटर सीजन में अभी तक प्रदेश को 319 करोड़ 73 लाख के नुकसान का आकलन लगाया जा चुका है, जिसमें सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है, लोक निर्माण विभाग के साथ-साथ आईपीएच, बिजली बोर्ड और मत्स्य को भी बर्फबारी से चपत लगी है।  जानकारी के तहत विंटर सीजन में अभी तक लोक निर्माण विभाग को 231 करोड़ 85 लाख का नुकसान हो चुका है। इसके अलावा बिजली बोर्ड को 51 करोड़ 17 लाख और आईपीएच को 36 करोड़ 71 लाख के नुकसान का आंकलन लगाया गया है। मत्स्य को करीब दो लाख का नुकसान आंका गया है।  हिमाचल प्रदेश में अभी भी 291 सड़कें यातायात के लिए अवरूद्ध पड़ी हुई हैं। इन 291 सड़कों में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। ताजा बर्फबारी के कारण सबसे अधिक मार्ग शिमला जोन में अवरुद्ध हुए हैं। शिमला जोन में 160 मार्ग अवरुद्ध हैं। मंडी, में 91 और कांगड़ा में 37 मार्ग अवरुद्ध हैं। शाहपुर में दो और शिमला में एक राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ा हुआ है। लोक निर्माण विभाग का दावा है कि बंद पड़ी 291 सड़कों में से गुरुवार देर शाम तक 151 सड़कें बहाल हो जाएंगी। 85 सड़कें शुक्रवार तक और 55 सड़कें दो मार्च तक यातायात के लिए बहाल हो जाएंगी।

फिर बढ़ सकती हैं दिक्कतें

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी ने जमकर कहर बरपाया है। मौसम विभाग की मानें तो मार्च माह के पहले सप्ताह के दौरान मौसम फिर से कड़े तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग द्वारा दो व तीन मार्च को मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और कई स्थानों पर फिर से बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में फिर से लोक निर्माण विभाग की दिक्कतें बढ़ सकती हैं और प्रदेश में बर्फ से हो रहे नुकसान का आंकड़ा भी बढ़ सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App