बदलेगा स्वतंत्रता संग्राम इतिहास

शिक्षा बोर्ड ने पाठ्य सामग्री में संशोधन को बनाई योजना

ऊना – सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे नौनिहाल अब हिमाचल के स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और योगदान के बारे में भी जानेंगे। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से पांचवीं से 10वीं कक्षा तक की किताबों में स्वतंत्रता के इतिहास को बदलने पर विचार किया जा रहा है। इन किताबों के इतिहास बदलने का उद्देश्य नौनिहालों की पढ़ाई को और अधिक दिलचस्प बनाने के लिए किया जा रहा है। इससे एक तो बच्चों का पाठ्य पुस्तकों से लिंक बना रहेगा, वहीं ये पुस्तकें और अधिक दिलचस्प भी बनी रहेंगी। इससे इतिहास के बारे में और अधिक जानकारी मिल पाएगी। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से इस बारे में स्कूल मुखियाओं को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। हर स्कूल से पुस्तक लेखन में रुचि रखने वाले दो-दो शिक्षकों के नाम स्कूल शिक्षा बोर्ड को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि शिक्षक वर्ग भी इन पुस्तकों के इतिहास बदलने में अहम भूमिका निभाएं। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से इन किताबों के स्वतंत्रता इतिहास बदलने के लिए मई माह तक का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि समय पर ये पुस्तकें नौनिहालों के पास पहुंच सकें। यदि इस प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाया जाता है तो इसका लाभ नौनिहालों को मिलेगा।