एचआरटीसी कर्मियों को ओवरटाइम

परिवहन निगम प्रबंधन ने फिर जारी किए 4.30 करोड़ रुपए

शिमला —एचआरटीसी ने कर्मचारियों को दो और माह का देय ओवरटाइम जारी कर दिया है। अब निगम प्रबंधन ने सोमवार को कर्मचारियों को नवंबर व दिसंबर, 2017 का ओवरटाइम की राशि जारी कर दी है। निगम प्रबंधन ने तीसरी किस्त में चार करोड़ 30 लाख रुपए की राशि जारी की है। अब निगम कर्मचारियों का 16 माह का ओवरटाइम की राशि शेष रहती है। बता दें कि निगम प्रबंधन ने इससे पहले गत सप्ताह ही निगम कर्मियों को सितंबर-अक्तूबर, 2017 के ओवरटाइम के तहत चार करोड़ 20 लाख रुपए जारी किए थे। निगम प्रबंधन द्वारा यह राशि दो किस्तों के अंतर्गत जारी की गई थी। इसमें पहली किस्त दो करोड़ दो लाख और दूसरी दो करोड़ 18 लाख रुपए थी। उल्लेखनीय है कि इसी मुद्दे को लेकर कुछ दिन पहले परिवहन मजदूर संघ का प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में प्रबंध निदेशक से मिला था। निगम प्रबंधन ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को आश्वस्त किया था कि जल्द ही कर्मचारियों का ओवरटाइम जारी कर दिया जाएगा। इसी आश्वासन के तहत निगम प्रबंधन ने 30 अप्रैल से पहले पांच माह के ओवरटाइम की राशि जारी करने के लिए कहा था, जिसमें से निगम कर्मचारियों को चार माह की राशि मिल चुकी है। ऐसे में कर्मचारी उम्मीद लगा रहे हैं कि मंगलवार को एक माह की ओवरटाइम की राशि भी जारी हो सकती है। परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों और पूर्व परिवहन मंत्री के बसें खरीदने के निराले शौक की मार से परिवहन कर्मचारी बेहाल हैं।