ऑटो में मां ज्वाला के दर पहुंचे वीरभद्र सिंह

By: Apr 15th, 2019 12:04 am

 ज्वालामुखी —पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह रविवार को विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर ऑटो पर सवार होकर पहुंचे और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। वीरभद्र सिंह को ऑटो पर सवार होकर मंदिर जाते देख दुकानदार व यात्री भी हैरान हो गए और कहने लगे कि हिमाचल प्रदेश के नेता भी कितने सादे व मिलनसार हैं। इस मौके पर उनके साथ पूर्व विधायक संजय रतन, कांग्रेस नेता केवल सिंह पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा व अन्य कई कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। इस मौके पर पुजारी वर्ग व मंदिर न्यास की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री को मां की चुनरी व प्रशाद भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों का भी आयोजन किया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं  को आपसी मनमुटाव दूर कर पार्टी को चुनाव में जितवाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोदी के झूठे वादों में लोग इस बार फंसने वाले नहीं हैं। पार्टी हाइकमान ने जो भी दिशा-निर्देश दिए हैं, वे उसे पूरा कर रहे हैं। पार्टी प्रदेश की चारों सीटों को जीतेगी और केंद्र में कांग्रेस गठबंधन की सरकार विजयी रहेगी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App