कांगड़ा का महत्त्व घटाने की न सोचें जयराम 

By: Apr 30th, 2019 12:04 am

वीरभद्र बोले, कांग्रेस ने धर्मशाला को दिया है राजधानी का दर्जा  

धर्मशाला    —कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल के नामांकन के बहाने हिमाचल के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोमवार को एक मंच पर आ गए। नेताओं ने एकता दिखाने के साथ साथ भाजपा के खिलाफ तेवर भी तल्ख कर दिए हैं।  मंच से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, केंद्रीय नेता आनंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, आशा कुमारी, सुधीर शर्मा और जीएस बाली सहित सभी नेताओं ने भाजपा व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित सांसद शांता पर खूब निशाने साधे। इस दौरान कांग्रेस ने जातीय समीकरणों से लेकर सेना और कांगड़ा के प्रमुख मुद्दों पर भाजपा को सियासी कटघरे में खड़ा किया।  पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर सियासी हमला करते हुए कहा कि वह कांगड़ा के राजनीतिक महत्त्व को कम करने का सपना भूल जाएं। उन्होंने पूर्व की तरह की यहां शीतकालीन प्रवास, विधानसभा का सत्र चलाना ही होगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला को प्रदेश की दूसरी राजधानी का दर्जा दिया गया है। जयराम बताएं उसे भी कम करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने कांगड़ा के लिए क्या किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके व्यक्तिगत रूप से सभी के साथ बेहतर संबंध हैं, लेकिन पार्टी की कीमत पर नहीं। कांग्रेस के साथ वह हमेशा पहली ही पंक्ति में खड़े होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस कांगड़ा सीट हर हाल में जीतेगी। उन्होंने कहा कि मेरा व्यक्तिगत किसी से द्वेष भाव नहीं है और सभी प्रत्याशियों व नेताओं को चुनाव की तरह ही लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़े व्यक्तिगत छींटाकशी न की जाए।  सीएम जयराम पर हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाएं उन्हें चुनावों के बाद पता चलेगा कि बड़ा नेता कौन है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App