कांगड़ा क्रॉस कंट्री में चमके सिरमौरी धावक

By: Apr 30th, 2019 12:05 am

नाहन—प्रदेश के कांगड़ा में आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ में जिला सिरमौर के दो मेधावी धावकों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। जाने माने अल्ट्रा मैराथन धावक व सिरमौर के बेटे सुनील शर्मा व जिला सिरमौर केे ही दिव्यांग धावक वीरेंद्र सिंह ने कांगड़ा क्रॉस कंट्री दौड़ में दूसरा व चौथा स्थान हासिल कर जिला सिरमौर का डंका बजाया है। अल्ट्रा मैराथन धावक सुनील शर्मा ने इस दौड़ में 48 किलोमीटर की दौड़ तीन घंटे 41 सेकेंड में पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं दिव्यांग धावक वीरेंद्र सिंह ने इस दौड़ में 32 किलोमीटर की दौड़ दो घंटे 60 सेकेंड में पूरी कर चौथा स्थान अर्जित किया। इसमें अहम बात यह है कि दोनों ही धावक जिला सिरमौर केे संगड़ाह क्षेत्र से संबंधित हैं। हाल ही में दिव्यांग धावक वीरेंद्र ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए चायल रन में भी सामान्य श्रेणी के धावकों को पछाड़ते हुए छठा स्थान अर्जित किया था। दिव्यांग धावक वीरेंद्र कुमार जिला सिरमौर के आयुर्वेद विभाग में तैनात हैं। गौर हो कि कांगड़ा में 28 अप्रैल को कांगड़ा क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया था, जिसमें सिरमौर के दोनों धावकों ने भाग लिया। इससे पूर्व भी अल्ट्रा मैराथन धावक सुनील शर्मा जहां कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय दौड़ में जिला सिरमौर के साथ-साथ प्रदेश व देश का नाम रोशन कर चुके हैं, वहीं दिव्यांग धावक वीरेंद्र सिंह भी प्रदेश का नाम देश-विदेश में रोशन करना चाहते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App