कांगड़ा में नवरात्र-मेलों संग चुनावी दंगल का शोर

धर्मशाला—देवभूमि हिमाचल के कांगड़ा के प्रसिद्ध शक्तिपीठ ब्रजेश्वरी, ज्वालामुखी और श्री चामुंडा में नवरात्र पर्व के शुभ अवसर पर खूब जयकारे गूंज रहे हैं। वहीं पहाड़ी राज्य के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में इन दिनों अखाड़े में अपना दमखम व दाव-पेच दिखाने वाले पहलवानों के शरीर में लिपटी मिट्टी की खूशबूू से महक रही है। जिला भर में अलग-अलग स्थानों पर बड़े स्तर पर मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें होने वाले बड़े-बड़े दंगल सबके आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं जिला सहित देवभूमि की भोली जनता पर पाकिस्तान सहित बाहरी शातिरों ने अपनी नज़रे गढ़ा दी हैं। इससे पिछले सप्ताह भी पाकिस्तान के शातिर ने डेढ़ लाख ठग लिए हैं, साथ ही लगातार लॉटरी के लैटर भी लोगों के घरों में पहुंच रहे हैं। वहीं, कांगड़ा-चंबा में भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशी की तस्वीरे साफ होने से आरोप-प्रत्यारोप सहित प्रचार अभियान भी जोरों से शुरू हो गया है।

बौद्ध गुरु दलाईलामा अब तुंदुरस्त

बौद्ध नगरी मकलोडगंज में इस सप्ताह तिबेतन धर्मगुरु दलाईलामा के स्वास्थ्य में भी गिरावट आई। इसके कारण उन्हें दिल्ली अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती भी करवाना पड़ा। वहां उनके उपचार के बाद अब स्वास्थ्य में सुधार होने पर वापस धर्मशाला भेज दिया गया है।

 जयकारों से गूंजे देवियों के दरबार

जिला कांगड़ा के शक्तिपीठ बज्रेश्वरी, ज्वालामुखी और श्री चांमुडा मंदिर नवरात्र पर्व के शुभ अवसर पर जयकारों से गूंज उठे हैं। देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शक्तिपीठ के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। इससे मंदिरों में लाखों रुपए का चढ़ावा भी चढ़ रहा है। वहीं, आत्यधिक वाहनों की आवाजाही और नियमों को दरकिनार कर भी भक्तजण प्रदेश के मंदिरों में पहुंच रहे हैं। इससे काफी अव्यवस्था का आलम भी देखने को मिल रहा है।

जिला में पाकिस्तान के शातिरों ने मचाई ऑनलाइन लूट

प्रदेश भर सहित जिला कांगड़ा में पाकिस्तान सहित बाहरी शातिरों ने खुलेआम ऑनलाईन लूट मचाने का सिलसिला तेज़ कर दिया है। धर्मशाला के सिद्धबाड़ी के राजकुमार के डेढ़ लाख रुपए पाकिस्तान से कॉल करके उड़ा लिए हैं। साथ ही इससे पहले भी घरोह और सुधेड़ सहित धर्मशाला के तहसीलदार को भी हज़ारों रूपए का चुना लग चुका है। अब ठग घरों में आकर्षक ऑफर लैटर और लॉटरी टिकट भी लोगों को भेज रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने सावधान रहते हुए ऐसे मामलों को पुलिस के ध्यान में लाने की बात कही है।

दंगल: कांगड़ा की मिट्टी में पसीने की खुशबू

इन दिनों जिला कांगड़ा में प्रसिद्ध मेलों में दंगल का आयोजन किया जा रहा है। गांव-गांव से लेकर जिला स्तर पर होने वाले मेलों में कई बड़े इनामों सहित दंगल करवाए जा रहे हैं। इसमें प्रदेश सहित देश भर के नामी पहलवान अपनी कुश्ती का कमाल दिखा रहे हैं। साथ ही लाखों रुपए की माली भी अपने नाम कर रहे हैं। वहीं मेलों में खरीददारी का भी खूब दौर देखने को मिल रहा है।

फायर सीजन में वन-दमकल विभाग अलर्ट

फायर सीजन शुरू होते ही वन विभाग और दमकल विभाग भी पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। अप्रैल माह के शुरू होते ही जिला मुख्यालय धर्मशाला के ही चीड़ के जंगलों में आग लगने शुरू हो गई है। ऐसे में विभागों ने अपने कर्मचारियों की ड्यूटियां रद्द कर वनों को आग से बचाने के लिए कमर कस ली है।

 लोकसभा चुनाव :  तेज हुई चुनावी सरगर्मियां

कांगड़ा-चंबा लोस के भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित होने पर अब चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई है। जिला में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी खूब देखने को मिल रहा है। भाजपा अपने वरिष्ठ नेता को मैदान में उतारकर जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी में है। वहीं, कांग्रेस ने युवा चेहरा मैदान में उतारकर जीत के लिए दम भर दिया है। 

शैक्षणिक संस्थान: प्राइवेट स्कूलों में निरीक्षण का दौर

नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होते ही स्कूलों में एडमिशन का दौर जोरों से चल रहा है। वहीं अभिभावकों को प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ भी खूब आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसके बाद अब शिक्षा विभाग ने सख्त होते हुए नियमों न मानने वाले स्कूलों का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया है। इस दौरान स्कूलों के फीस सहित अन्य जरूरी रिकार्ड को कब्जे में लेकर कार्रवाई की रूपरेखा भी बनाई जा रही है।

सब्जियों के दामों में उछाल

कांगड़ा बाजार में आम की रेहडि़यां आम देखी जा सकती हैं। रेहडि़यों पर आम 80 से 120 रुपए किलो में बिक रहा है। लोग भी बेमौसमी आम खरीदने में खासी रुचि दिखा रहे हैं। इसके अलावा खीरा 20 से 30 रुपए व भिंडी, फ्रांसबीन तथा शिमला मिर्च 80 रुपए किलो बिक रही हैं।

महत्त्वपूर्ण फोन नंबर

वोटर हेल्पलाइन – 1950

अग्निशमन विभाग-01892-224992

पुलिस थाना धर्मशाला – 01892-224883 

धर्मशाला अस्पताल-01892-224812

पानी की शिकायत-01892-224983

बिजली की शिकायत-01892-222946

उच्च शिक्षा उपनिदेशक   -01892 223124

प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक  – 01892-223155