कांगड़ा में बजा चुनावी बिगुल

By: Apr 29th, 2019 12:05 am

धर्मशाला —इस सप्ताह के पहले दिन सोमवार को ही देश व प्रदेश भर सहित जिला कांगड़ा में भी चुनावी बिगुल बज गया। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही विभिन्न राजनीतिक पार्टियों सहित क्षेत्रीय पार्टियों व आजाद उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में उतर रहे हैं।  वहीं, इस सप्ताह मौसम की दुश्वारियों ने जिलाभर के किसानों के चेहरों पर शीकन लाने का भी काम किया है। इसके अलावा बालीवुड के मिस्टर परफेक्टनिस्ट आमिर खान कांगड़ा की वादियों में पूरी तरह से मस्त होकर घूमते हुए नजर आए। अपनी आने वाली फिल्म लाल सिंह चड्डा की शूटिंग की लोकेशन फाइनल करने के साथ ही घूमने-फिरने व अपने प्रसशंकों के साथ फोटो, सेल्फी व मिलने में खूब व्यस्त रहे। उधर, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के घोषित दस जमा दो के वार्षिक परीक्षा परिणाम की टॉप टेन मैरिट सूची में कांगड़ा के होनहारों का दबदबा रहा।  छात्रों ने अच्छे अंक लेकर स्कूल व माता-पिता का नाम रोशन किया है।

महत्त्वपूर्ण फोन नंबर

वोटर हेल्पलाइन – 1950

अग्निशमन विभाग- 01892-224992

पुलिस थाना धर्मशाला – 01892-224883 

धर्मशाला अस्पताल-01892-224812

पानी की शिकायत-01892-224983

बिजली की शिकायत-01892-222946

उच्च शिक्षा उपनिदेशक   -01892 223124

प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक  – 01892-223155

धर्मशाला पुलिस मैदान में पुस्तकों का भंडार

जिदंगी के सच्ची दोस्त कहे जाने वाली पुस्तकों का भंडार पुलिस मैदान धर्मशाला में देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत द्वारा पांच वर्षों के बाद पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश भर के पब्लिशर अपनी पुस्तकें लेकर पहुंचे हैं। ऐसे में जिला भर सहित प्रदेश भर के लोग पुस्तकों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

 हर तरफ इक्को ही गल्ल क्या बणगा?

क्या बणगा…कुसदी सरकार बणा दे, क्या लगा दा… क्या होणा इसा बारी कपूर की  काजल ।  इन दिनों जिला कांगड़ा की दूकानों, चाय के स्टॉल और सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों में अधिकतर एक ही बात सुनने को मिल रही है। कांगड़ा में नामिनेशन का दौर जोरों से चल रहा है, अब तक भाजपा के किशन कपूर समेत कुल दस प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी ताल ठोक चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के पवन काजल आज नामाकंन के अंतिम दिन अपना नामिनेशन भरेंगे। 

कांगड़ा में लाल सिंह चड्डा बनेंगे आमिर

बालीवुड के मिस्टर परफेक्टनिस्ट आमिर खान ने प्रदेश के जिला कांगड़ा में पूरा एक सप्ताह तक ढेरा डाल के रखा। इस दौरान उन्होंने अपनी आगामी फिल्म लाल सिंह चड्डा के लिए कांगड़ा के पालमपुर, खनियारा, गरली व परागपुर सहित अन्य क्षेत्रों में लोकेशन फाइनल की। वहीं, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के साथ भी मुलाकात की। इसके अलावा अपने प्रसशंकांे को भी निराश नहीं किया ।

स्वस्थ होकर मकलोडगंज लौटे दलाईलामा

तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा दिल्ली के अस्पताल में इलाज करवाने के बाद स्वस्थ होकर मकलोडगंज लौट आए हैं। अचानक बीमार होने के बाद दिल्ली अस्पताल में इलाज करवाकर लौटने पर धर्मगुरु के अनुयायियों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

हजारों छात्रों के वजीफे पर संकट

स्कूलों में नए सत्र का आगाज हो गया है, लेकिन हजारों छात्रों की छात्रवृत्ति पर संकट के बादल छा गए हैं। सरकारी व निजी संस्थानों ने छात्रों के ऑनलाइन आवेदन तो कर दिए हैं, लेकिन ऑफ लाइन उनकी स्टेट्स रिपोर्ट फोटो सहित जमा नहीं करवाई है। इसके कारण अब हजारों छात्रों को छात्रवृत्ति से वंचित रहना पड़ सकता है।

सूर्यदेव ने घरों में कैद किए लोग  

बीते एक सप्ताह से भीषण गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़वा दिए है। गर्मी के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते अब लोग दिन के समय अपने घरों में ही दुबके रहने लग गए है। जैसे की सूर्य ढलते ही गर्मी से राहत मिलती है, तो लोग घरों से बाहर निकलना शुरू हो जाते है।

ऑनलाइन ठगों से पुलिस करेगी अलर्ट

जिला में ऑनलाइन साइबर क्राइम थमने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान के नंबर से डेढ़ लाख की ठगी सहित एक दर्जन के करीब लोगों को ठगने के बाद इस सप्ताह गाड़ी के नाम पर भी जवाली के लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है। इसके चलते अब कांगड़ा पुलिस विभाग ने लोगों को ऑनलाइन शातिरों से अलर्ट रहकर साइबर क्राइम से सुरक्षित रहने की मुहिम शुरू कर दी है।

ट्रैकिंग शुरू होते ही सैलानियों की भीड़

मैदानों के प्रचंड गर्मी में तपने के साथ ही अब पहाड़ों में पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचने शुरू हो गए हैं। पर्यटन नगरी धर्मशाला की ट्रैकिंग साइट मकलोडगंज के त्रियूंड, खड़ौता के ठठारना, थातरी के ज्वाला, शाहपुर के खब्बरू, गुणा व हिमानी चांमुडा के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में ट्रैकिंग के लिए पहुंच रहे हैं। ट्रैकिंग को नाइट स्टे के लिए भी खुला करने से अब सैलानी अधिक लुफ्त उठा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App