कांग्रेस के घोटालों की लिस्ट लंबी है

By: Apr 15th, 2019 12:08 am

 शिमला —मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के पांच साल के कार्यकाल में किसी एक भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का एक रुपए के दुरुपयोग का भी आरोप नहीं लगा है और यह केंद्र में मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। दूसरी ओर कांग्रेस आजादी के समय से ही भ्रष्टाचार में लिप्त रही है। आजादी के बाद आज तक जब भी कांग्रेस को मौका मिला है, कांग्रेस ने जमकर भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने कहा कि आजाद भारत की पहली सरकार के जीप घोटाले से लेकर वर्तमान में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ तक कांग्रेस का इतिहास भ्रष्टाचार से भरा पड़ा है। मुख्यमंत्री ने तुगलक रोड चुनावी घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें गरीबों का धन लूटा गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का बतौर सांसद निवास स्थान नई दिल्ली का एक तुगलक रोड है, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का बतौर सांसद आवास दिल्ली में 12 तुगलक लेन है। इस इलाके में कई नामचीन लोगों के आवास हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयकर विभाग ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ के करीबी सहयोगियों और अन्य के घरों व कार्यलयों पर चार राज्यों में छापेमारी की थी। इस छापेमारी में करोड़ों रुपए के संदिग्ध राशि की लेनदेन का पता चला है, जिसे तुगलक रोड पर रहने वाले एक महत्त्वपूर्ण व्यक्ति के घर से दिल्ली में एक प्रमुख राजनीतिक दल के मुख्यालय में कथित तौर पर भेजा जा रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों में कांग्रेस नेताओं के घर से जैसे नकदी से भरे हुए बोरे बरामद हुए हैं। इससे ज्ञात होता है कि दूसरों पर झूठे आरोप लगाने वाली पार्टी का खुद का चरित्र कैसा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में भ्रष्टाचार की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि देश कांग्रेस की इन हरकतों से शर्मिंदा है। बोफोर्स घोटाला, कोयला घोटाला, टूजी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला और रॉबर्ट वाड्रा द्वारा कांग्रेस के संरक्षण में भूमि घोटाला कांग्रेस के अपने विकास और देश को लूटने व बदनाम करने की गाथा बताता है।

कांग्रेसियों ने की स्वार्थों की राजनीति

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने हमेशा अपने स्वार्थों के लिए देश को आतंकवाद और अलगाववाद के गर्त में धकेल दिया। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 से लेकर नक्सलवाद और माओवाद सब कांग्रेस की देन है तथा आज भी कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति से बाज नहीं आ रही है। धारा 370 बनाए रखने का वादा करना और नेशनल कॉन्फ्रेंस का जम्मू कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री की मांग पर कांग्रेस का चुप्पी साधना बेहद शर्मनाक है।

मंडी से लड़कर दिखाएं अनिल शर्मा

शिमला। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने अनिल शर्मा को नसीहत दी है। उन्होंने पूर्व मंत्री अनिल शर्मा को चुनौती दी है कि उनमे दम है तो मंडी से चुनाव लड़ कर दिखाएं। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने अनिल शर्मा के बयानों पर सख्त ऐतराज जताया और अनिल को नसीहत देते हुए शालीनता और नैतिकता की हदों में रहने की चेतावनी भी दी। सुरेश भारद्वाज ने अनिल शर्मा को भाजपा और सीएम के खिलाफ  दिए जा रहे बयानों का कड़ा नोटिस लेते हुए अनिल शर्मा को मंडी सीट से नया चुनाव लड़कर विधायक बनने की भी चुनौती दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App