कारखाना जला, 700 कामगार बेरोजगार

By: Apr 11th, 2019 12:10 am

टाहलीवाल -हरोली क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र बाथड़ी में प्लास्टिक उद्योग में हुई आग की घटना के चलते कई कामगारों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है। प्लास्टिक उद्योग में मंगलवार राम को हुई आग की घटना में करीब दस करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसके चलते उद्योग में प्रोडक्शन शुरू होने के लिए कुछ समय लगेगा। आग की इस घटना के चलते करीब चार सौ महिलाओं समेत 700 कामगारों पर रोजगार की चिंता सताने लगी है। एक तरह से यह आग की घटना ने कामगारों को रोजगार से वंचित कर दिया है। इससे इन कामगारों को रोजगार के लिए महीनों के लिए रोजी रोटी के लाले पड़ गए हैं। इससे कामगारों  के माथे पर चिंता की लकीरें  छाई हुई हैं। बाथू बाथड़ी औद्योगिक क्षेत्र के तहत एक प्लास्टिक उद्योग में मंगलवार रात अचानक ही आग लगने से बहुमंजिला प्रोडक्शन यूनिट व स्टोर रूम जल गया। इससे कामगार भी चिंतित हो गए हैं। प्लास्टिक के इस उद्योग में काफी तादाद में महिला कामगार कार्यरत हंै। इससे इन महिला कामगारों को रोजगार से आमदनी का जरिया रहा है। महिला कामगारों के साथ-साथ अन्य कामगारों के परिवारों का पालन पोषण भी होता है, लेकिन उद्योग में अचानक ही हुई आगजनी की घटना के चलते कामगारों में मायूसी छाई हुई है। मंगलवार रात आगजनी की घटना के बाद बुधवार को जब महिला कामगार सहित अन्य कामगार उद्योग में पहुंचे तो सभी कामगार दंग रह गए। साथ ही आग बुझाने में जुट गए। महिला कामगारों में रमा देवी, सुनीता देवी, कांता देवी, इंदुबाला, कमलेश कुमारी, सरोज देवी सहित ने बताया कि उद्योग में आग लगने से उन्हें दुख हुआ है। इस उद्योग में कार्यरत होने से उनके परिवारों का गुजारा चलता था, लेकिन आग की इस घटना से उनका रोजगार छिन गया है। उन्होंने बताया कि जब तक उद्योग में फिर से उत्पादन शुरू नहीं होता तब तक उन्हें रोजगार के लिए भारी दिक्कत रहेगी। इसका सीधा असर उनके परिवारों पर भी पडे़गा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App