चूड़धार पर बर्फबारी, गर्मियों में सर्दी का एहसास

By: Apr 18th, 2019 12:15 am

पहाड़ों के साथ मैदानों में भी झमाझम बारिश, हिमाचल फिर से शीतलहर की चपेट में, केलांग में 1.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा

शिमला -हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी व बारिश से गर्मी के मौसम में भी सर्दी का एहसास होने लगा है। बुधवार को चूड़धार में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई है। बर्फबारी व बारिश से समूचा राज्य शीतलहर की चपेट में आ गया है। ठंड पड़ने से राज्य में गर्मी के मौसम में भी लोग गर्म वस्त्र ओढ़ने को मजबूर हो गए हैं। मौसम विभाग की मानें तो राज्य मे गुरुवार को भी एक-दो स्थानोें पर गर्जन के साथ बारिश होगी, जबकि 19 से 23 अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा। बुधवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश रिकार्ड की गई। बारिश से राज्य के अधिकतम तापमान में एक से 11डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आई है। बारिश के चलते राज्य में अप्रैल माह के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे लुढ़क गया है, जो ठंड के साथ-साथ फसलों के लिए भी नुकसानदायक बन गया है। केलांग के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 11 डिग्री की गिरावट आंकी गई है। केलांग का अधिकतम पारा 16.0 डिग्री से लुढ़क कर 5.5 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं यहां का न्यूनतम पारा 1.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। इसके अलावा कल्पा, कांगड़ा व बिलासपुर के पारे में नौ डिग्री, हमीरपुर में आठ, भुतंर-ऊना में सात, शिमला-चंबा-डलहौजी-सोलन में पांच डिग्री तक तापमान गिरा है। अधिकतम तापमान के साथ-साथ राज्य के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। न्यूनतम पारे में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के एक-दो स्थानों पर गुरुवार को भी गर्जन के साथ बारिश होगी। राज्य में 19 से 23 अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा।

डलहौजी में 19 मिलीमीटर बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान डलहौजी में सबसे अधिक 19 मिलीमीटर बारिश हुई। राजगढ़ में 18, कुफरी में 15, सोलन में 14, धर्मपुर-सराहन में 12, मशोबरा में 11, नयना देवी-नाहन-शिमला-जुब्बड़हट्टी-धर्मशाला में 10, हमीरपुर 9, मनाली 8, रामपुर, रोहड़ू, कल्पा में 7 और ऊना में 8 मिलीमीटर बारिश आंकी गई है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App