जवानों की शहादत का ‘राजनीतिकरण’ कर रही है भाजपा: ममता

By: Apr 9th, 2019 5:48 pm

Related imageरायगंज –  पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जवानों की शहादत का ‘राजनीतिकरण’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अपनी संकीर्ण राजनीति के लिए जवानाें का इस्तेमाल कर रही है।  सुश्री बनर्जी ने यहां उत्तरी दिनाजपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “भाजपा अपनी संकीर्ण राजनीति के लिए जवानों का इस्तेमाल कर रही है। हम जवानों का सम्मान करते हैं। हमले की पूर्व खुफिया सूचना के बावजूद पुलवामा में इतने जवान क्यों शहीद हुए। केंद्र की सरकार फासीवादी है, इतनी फासीवादी कि हिटलर भी उसके सामने कम है।” उन्होंने लोगाें को चेतावनी दी कि अगर भाजपा दोबारा जीत कर आयी तो उनके सभी अधिकार और आजादी छीन लेगी। जनता का सारा पैसा लूट लेगी। उनके धार्मिक और राजनीतिक अधिकार छीन लेगी। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आयी तो लोकतंत्र समाप्त कर देगी, अभिव्यक्ति की आजादी छीन लेगी, यहां तक कि संविधान को भी नष्ट कर देगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय संस्थानों के दमन के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रही है। वह एक तरफ लोगों को केंद्रीय एजेंसियों की मदद से डरा रही है और दूसरी तरफ चोरों तथा गुंडों की रक्षा कर रही है। उन्होंनेे कहा कि नोटबंदी के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए, कारोबार और उद्योग बंद हो गये तथा सौ से अधिक लोगों की मौत हो गयी। उन्होंने भाजपा पर खुल्लम खुल्ला झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा, “पांच वर्ष पहले मोदी चायवाला बन गये थे, उसके बाद वह प्रधानमंत्री बन गये और अब वह चौकीदार बनने का दिखावा कर रहे हैं। चौकीदार चोर है, चौकीदार झूठा है।” तृणमूल प्रमुख ने कहा कि भाजपा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और कांग्रेस एक हैं तथा सभी एक ही सांचे में ढले हैं। उन्होंने कहा कि रायगंज की जनता ने अब तक कांग्रेस अथवा माकपा को वोट दिया है लेकिन किसी ने उनके लिए काम नहीं किया। इस बार लड़ाई तृणमूल और भाजपा के बीच है। इस बार केंद्र में सरकार बनाने और भाजपा को सत्ता से हटाने की राह तृणमूल कांग्रेस दिखायेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App