झूठे वादे कर मंडी से लापता हुए सांसद

By: Apr 18th, 2019 12:10 am

कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा का रामस्वरूप पर जुबानी हमला, पांच साल से फोरलेन का काम ठप

सरकाघाट—मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा ने बुधवार को दूसरे दिन भी सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर चुनाव प्रचार कर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी सुंदरनगर के अध्यक्ष पवन ठाकुर व पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रंगीला राम राव भी विशेष रूप से उनके साथ रहे। आश्रय शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस परमार को जहां हिमाचल निर्माता का दर्जा हासिल है, वहीं छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह को हिमाचल के विकास पुरुष के रूप मेंं जाना जाता है, लेकिन भाजपा में ऐसा कोई भी नेता नहीं है, जिसे आज प्रदेश की जनता उनके कार्यों के लिए याद करती हो। भाजपा ने हमेशा वोट की राजनीति कर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने जीत से पहले जनता को मुंगेरी लाल के सुनहरे सपने दिखाए, लेकिन सपने दिखाकर वह पांच साल मंडी से गायब हो गए। मंडी के कई विधानसभा क्षेत्रों में लोगों ने उनके गुमशुदा होने के पोस्टर भी लगाए। आश्रय शर्मा ने कहा कि सांसद ने लोगों से वादा किया था कि वह मंडी तक रेल लेकर आएंगे और नमक का बड़ा उद्योग लगाएंगे, लेकिन न तो मंडी तक रेल आई और न नमक का कारखाना लगा। यहां तक कि पिछले पांच सालों में किरतपुर-मनाली फ ोरलेन का काम भी ठप पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि सांसद ने जो भी वादे किए, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ है। आश्रय शर्मा ने कहा कि मैं झूठे वादे नहीं करूंगा और जो वादा करूंगा उसे सांसद बनते ही लागू करवाऊंगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि जो भी कहा जाता है, उसे पूरा किया जाता है। उन्होंने लोगों से चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया। इस मौके पर  ब्लॉक अध्यक्ष लश्करी राम, अनिल शर्मा, अजय चंदेल व कैप्टन हुकुम चंद सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन भी उनके साथ रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App