धर्म के नाम पर बांट रही भाजपा

By: Apr 18th, 2019 12:20 am

वीरभद्र सिंह का आरोप, हार देख बौखलाहट में बोल रहे अमर्यादित भाषा

साहो, पुखरी-पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। अपनी इस विफलता से बचने के लिए भाजपा बेवजह के मुद्दों को हवा देकर लोगों को गुमराह कर रही है। भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का कार्य कर रही है। शहीदों व सेना के नाम पर वोट मांगकर चुनाव आयोग के आदेशों की अवहेलना की जा रही है। अपनी संभावित हार से बौखला कर भाजपा नेता अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। वीरभद्र सिंह बुधवार को साहो में कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अब देश की जनता भाजपा का असली चेहरा पहचान चुकी है और उसे सत्ता से बेदखल कर कांग्रेस को देश की बागडोर सौंपने का मन बना चुकी है। उन्होंने लोगों से पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर केंद्र में कांग्रेस सरकार की ताजपोशी में अहम रोल अदा करने को कहा। इस दौरान को- आपरेटिव बैंक के पूर्व चेयरमैन हर्ष महाजन ने नोटबंदी व जीएसटी जैसे गलत फैसलों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार को जमकर कोसा। दोपहर बाद पूर्व मुख्यमंत्री समेत तमाम दिग्गज कांग्रेस नेताओं ने चुराह के पुखरी में भी चुनावी जनसभा को संबोधित किया। पुखरी पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री का हल्के के पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज की अगवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने वेल्कम किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, विधायक आशा कुमारी, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, जिलाध्यक्ष नीरज नैयर, जिप सदस्य अमित भरमौरी व वन निगम के पूर्व उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App