पांवटा अस्पताल में सिरफिरे की छित्तर परेड

By: Apr 16th, 2019 12:20 am

वार्ड नसों को हर रोज परेशान करने पर महिला कर्मचारियों का फूटा गुस्सा

पांवटा साहिब —पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में महिला कर्मचारियों और वार्ड सिस्टर से कथित बदतमीजी करने और बलपूर्वक उनके कार्य मे बाधा डालने वाले एक व्यक्ति की जमकर जूतम परेड हुई। महिला कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में व्यक्ति को जहां थप्पड़ जड़े, वही चप्पल निकाल कर उसकी धुनाई कर डाली। उसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी जमालूदीन कादरी फतेहपुर का निवासी है। आरोप है कि यह रोजाना अस्पताल में आकर स्टाफ को तंग करता रहता है। उन्हें कार्य नही करने देता और लगातार उनके साथ बदसलूकी करता रहता है। सोमवार को भी आरोपी अस्पताल आया और महिला स्टाफ से बदतमीजी करने लगा। उन्हें बलपूर्वक कार्य करने से भी रोकने लगा, जिस कारण महिला कर्मचारियों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसकी अस्पताल परिसर में ही जूतम परेड कर डाली। काफी देर तक अस्पताल परिसर मे हंगामा मचा रहा। लोग आरोपी को महिलाओं से छुड़ाने की कोशिश करने लगे लेकिन दो महिला कर्मचारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर था और वे लगातार उसे थप्पड़़ और जूते चप्पलों से उसकी पिटाई कर रही थी। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत मे लिया तथा अस्पताल प्रबंधन की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया। आरोपी का अस्पताल मे मेडिकल करवाया गया। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भादस की धारा 353 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App