प्रदेश में फिर आग बरसाने लगे सूर्यदेव

By: Apr 28th, 2019 12:06 am

शिमला —हिमाचल प्रदेश में सूर्यदेव फिर से आग उगलने लगी है। तेज धूप खिलने से राज्य के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। राज्य के ऊना का पारा 40 डिग्री से पार हो गया है। ऊना में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जो इस समर सीजन का सबसे अधिक  तापमान आंका गया है। कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर व सुंदरनगर में भी प्रचंड गर्मी पड़ रही है। भीषण गर्मी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में अगामी दो दिन के दौरान भी मौसम साफ बना रहेगा, जबकि राज्य में 30 अप्रैल व एक मई को मौसम फिर से कड़े तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने राज्य में दो दिन के दौरान तेज तूफान चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में तीन मई तक मौसम खराब बना रहेगा। वहीं, राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में शनिवार को मौसम साफ बना रहा। तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री का उछाल रिकार्ड किया गया है। राज्य के भुंतर, कल्पा, ऊना व सोलन के अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा शिमला, सुंदरनगर, धर्मशाला, नाहन, बिलासपुर और चंबा के पारे में एक डिग्री तक की बढ़ोतरी आई है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी उछाल रिकार्ड किया गया है। न्यूनतम पारे में एक से तीन डिग्री की बढ़ोतरी आंकी गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में आगामी दो दिन के दौरान मौसम साफ बना रहेगा। राज्य में 30 अप्रैल से मौसम करवट लेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज तूफान चलेगा। यह सिलसिला पहली मई को भी जारी रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में तीन मई तक मौसम खराब बना रहेगा। 

कहां, कितना तापमान

शहर       न्यूनतम   अधिकतम

शिमला    15.2       25.4

सुंदरनगर  14.9      34.0

भुंतर       11.1       32.4

कल्पा     6.4        22.9

धर्मशाला  14.8       28.4

ऊना       17.3       40.6

सोलन     14.0      31.0

नाहन      21.1       33.2

केलांग     2.4        18.1

कांगड़ा    16.3      33.4

बिलासपुर 17.2       36.0

हमीरपुर   17.4       34.6

चंबा       13.6      32.4

डलहौजी  15.0      19.7


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App