बहकाबे में नहीं आएगी जनता

थानाकलां—इस बार झूठ और सच्चाई की लड़ाई है। जनता किसी के बहकावे में नहीं आएगी। आम जनता को गुमराह करने वालों को जनता इस बार सबक सिखाएगी। यह बात कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत छपरोह में आयोजित कांग्रेस युवा सम्मेलन में हमीरपुर लोकसभा चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं नयनादेवी विधायक रामलाल ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा शहीदों के नाम  पर वोट मांग रही है। कांग्रेस पार्टी ने देश सेवा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुमलेबाज है। केंद्र सरकार ने हमेशा ही गरीब तबके को ठगने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नितियों का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार के कार्यकाल में आम जनता के लिए कई कल्याणकारी नितियां चलाई गई। जिसका जनता को लाभ भी मिला है। लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने हमेशा ही जनता को ठगने का प्रयास किया है। इस बार जनता किसी के बहकावे में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कार्यकाल में केवल मात्र 15 परिवारों का साढ़े तीन लाख का ऋण माफ कर दिया गया, लेकिन किसानों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के ऋण माफ करने की बात की थी तो पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान में कांग्रेस सरकारों द्वारा किसानों के ऋण माफ कर दिए गए। कांग्रेस पार्टी ने जो कहा वह पूरा किया है।