बाप-दादा की पीठ पर सवार हो की एंट्री

By: Apr 11th, 2019 12:04 am

भाजयुमो महामंत्री रजत ठाकुर बोले, आश्रय ने कभी ग्रासरूट पर नहीं किया काम

मंडी –भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री रजत ठाकुर ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा की विचारधारा को आतंकवाद से जोड़ कर देश की जनता का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को इस बात का पता है कि भाजपा राष्ट्रवाद की विचारधारा पर राजनीति करती है और राष्ट्रवाद का सबसे बड़ा चेहरा इस देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह ने ऐसे आरोप लगाकर घटिया मानसिकता का परिचय दिया है। रजत ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी ने कभी पैसों से प्यार नहीं किया, जबकि विक्रमादित्य सिंह का पूरा परिवार इसी पैसे के कारण जमानत पर है, इसलिए विक्रमादित्य सिंह भाजपा को राष्ट्रवाद न सिखाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का टिकट वोल्वो बस के टिकट से सस्ता हो गया है। यही वजह है कि इस बार कोई भी कांग्रेस टिकट पर चुनाव नहीं लड़ना चाह रहा था। इसलिए कांग्रेस को जबरदस्ती अपने नेताओं को चुनाव में उतारना पड़ा है। रजत ठाकुर ने कहा कि मंडी में तो कांग्रेस ने आश्रय शर्मा को काबिलीयत से बढ़कर टिकट दे दिया है। आश्रय शर्मा अपने बाप-दादा की पीठ पर सवार होकर राजनीति में आए हैं और अपने मतलब के लिए जनता के दिलों से खेल रहे हैं। रजत ठाकुर ने कहा कि आश्रय शर्मा ने कभी भी ग्रासरूट पर काम नहीं किया है। भाजपा में रहते हुए उन्होंने आश्रय शर्मा को कभी भी पार्टी के झंडे और डंडे उठाए हुए नहीं देखा। इसके बावजूद वह किस आधार पर भाजपा का टिकट मांगते रहे हैं।  रजत ठाकुर ने कहा कि  इस बार भी प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा बडे़ अंतर से जीत दर्ज कर केंद्र में सरकर बनाएगी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App