बारिश से राहत, तूफान बना आफत

By: Apr 17th, 2019 12:20 am

ऊंचे क्षेत्रों में फिर से लौटी ठंड, अंधड़ से किसानों की फसलें तबाह

शिमला —हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को मौसम में हुए बदलाव के बाद लोगों ने गर्मी से राहत पाई है। मैदानी क्षेत्रों में ज्यादातर यह बारिश स्थानीय लोगों के अलावा किसानों को लिए भी सोने पर सुहागा है। हालांकि राजधानी शिमला सहित प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक बार फिर ठंड ने दस्तक देकर गर्म कपड़े निकालने के लिए मजबूर कर दिया है। मंगलवार को प्रदेश भर के मैदानी, मध्य पर्वतीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ ही भारी बारिश हुई है। बताया जा रहा है कि सोलन, बिलासपुर, कांगड़ा में काफी तेज तूफान ने किसानों की फसलों को काफी तबाह किया है। मौसमविभाग के अनुसार मौसम के तेवर अठारह अप्रैल तक ऐसे ही रहेंगे। विभाग ने प्रदेश में तेज हवाएं 50 -60 किलोमीटर प्रति घंटा व इससे अधिक होने की संभावना जताई है।  मौसम विभाग की इस चेतावनी से प्रदेश के किसानों की चिंता बढ़ सकती है। आशंका जताई जा रही है कि तेज हवाओं की वजह से फ्लावरिंग को नुकसान हो सकता है। फिलहाल प्रदेश भर में अठारह अप्रैल तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। विभाग ने 19 अप्रैल के बाद मौसम के साफ बने रहने की संभावना जताई है।

 तापमान पर नजर

जिला      अधिकतम न्यूनतम

शिमला    15.2       10.0

सुंदरनगर  21.6       17.7

भुंतर       21.8       14.8

कल्पा     18.3       7.4

धर्मशाला   21.8       11.6

ऊना       32.3       18.5

नाहन      26.2       13.3

सोलन     22.0       ं14.5

केलांग     16.0       4.0

कांगड़ा    26.0       18.0

बिलासपुर 29.5       18.4

हमीरपुर    27.2       18.7

चंबा       20.3       17.0

डलहौजी  12.0       9.1


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App