बीजेपी में शामिल हुईं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, भोपाल से दिग्विजय के खिलाफ चुनाव लड़ना लगभग तय

By: Apr 17th, 2019 2:00 pm

बीजेपी दफ्तर पहुंचीं साध्वी प्रज्ञा

लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की हॉट सीट भोपाल से चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर बीजेपी में शामिल हो गई हैं। बुधवार को साध्वी बीजेपी कार्यालय पहुंचीं और पार्टी के नेताओं के साथ भोपाल दफ्तर में बैठक की। बताया जा रहा है कि अब भोपाल सीट से उनका चुनाव लड़ना तकरीबन तय है। सूत्रों के मुताबिक साध्वी की उम्मीदवारी का ऐलान बुधवार शाम तक किया जा सकता है। इस बीच साध्वी के बीजेपी में शामिल होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सवाल उठाए हैं। साध्वी प्रज्ञा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह चुनाव लड़ेंगी और जीतेंगी। अगर वह भोपाल से चुनाव लड़ती हैं तो उनका मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से होगा। भोपाल बीजेपी दफ्तर में साध्वी प्रज्ञा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रामलाल और प्रभात झा के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि बैठक में प्रदेश स्तर से लेकर केंद्र स्तर तक चर्चा हुई। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App