भाजपा ने दूध से मक्खी की तरह निकाले नेता

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोलन के गंज बाजार में बोला भगवा संगठन पर हमला

सोलन  —कांग्रेस प्रचार कमेटी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शनिवार को सोालन में प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोला, किंतु भाजपा केंद्रीय संगठन पर कई हमले किए। शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डा. धनीराम शांडिल के पक्ष में प्रचार करते हुए गंज बाजार में आयोजित एक जनसभा में वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा उसूल वाले नेताओं को ऐसे फैंकती है, जैसे दूध से मक्खी निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि लाल कृष्ण अडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, शांता कुमार जैसे वरिष्ठ पौधों की ऐसे काटकर फैंक दिया, जैसे कि कोई जलाने वाली लकड़ी हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें कोई शिकायत नहीं है, किंतु वित्त मंत्री अरुण जेटली की उन पर बहुत कृपा रही है। उनके घर शादी वाले दिन भी सीबीआई के छापे डलवाए गए।  उन्होंने राफेल विमान का ठेका अनिल अंबानी को देने पर केंद्र सरकार को तो आड़े हाथ लिया, किंतु चुनावी बेला में प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ अपने तरकश से भी बाण नहीं चलाया।  गंज बाजार में आयोजित जनसभा में भारी भीड़ जुटाने की पदाधिकारियों की कई दिनों से चली आ रही रणनीति हालांकि कामयाब होती नजर नहीं आई तथा उम्मीद से अपेक्षाकृत संख्या कम ही रही।

बिंदल के खिलाफ केस वापस लेना सही नहीं

एक प्रश्न के उत्तर में वीरभद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के खिलाफ चल रहे अदालती मामलों को सरकार द्वारा वापस लिए जाने की मंशा दुर्भाग्यपूर्ण है तथा यह उचित नहीं है।