रामस्वरूप शर्मा ने भरा नामांकन पत्र

By: Apr 25th, 2019 12:03 am

जयराम, शांता, धूमल और सत्ती भी रहे मौजूद

मंडी – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह संसदीय क्षेत्र मंडी से भाजपा प्रत्याशी के रूप में रामस्वरूप शर्मा ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उनके साथ जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में गए। इसके अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत्तपाल सत्ती और परिवहन मंत्री गोबिंद ठाकुर और त्रिलोक जम्वाल भी मौजूद रहे। 17वीं लोकसभा के लिए रामस्वरूप शर्मा ने दूसरी बार नामांकन भरा है। वर्ष 2014 के चुनाव में रामस्वरूप शर्मा ने पहली बार चुनाव लड़ा था और उस समय उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी व सांसद प्रतिभा सिंह को 39 हजार मतों से हराया था, जिसके बाद रामस्वरूप शर्मा को इस बार फिर से भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। इस बार उनका मुकाबला कांसेस प्रत्याशी व पंडित सुखराम के पौत्र आश्रय शर्मा से है। बुधवार सुबह लगभग साढे़ 11 बजे रामस्वरूप शर्मा ने अपना नामांकन पत्र भरा। इसके बाद वह मुख्यमंत्री के साथ पड्डल मैदान पहुंचे। जहां से रैली के रूप में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ऐतिहासिक सेरी मंच पर पहुंचे। इस दौरान जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार और राम स्वरूप शर्मा ने खुली जीप में शहर में प्रवेश कर लोगों का अभिनंदन स्वीकार किया। मंडी संसदीय प्रभारी तीरथ सिंह रावत, मंत्री महेंद्र सिंह व रामलाल मार्कंडेय, भाजपा विधायक राकेश जम्वाल, जवाहर ठाकुर, कर्नल इंद्र सिंह, इंद्र सिंह गांधी, प्रकाश राणा, जिलाध्यक्ष रणवीर ठाकुर और मोर्चों  के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

इतनी संपत्ति के मालिक

रामस्वरूप शर्मा द्वारा दाखिल किए नामांकन पत्र में  चल संपत्ति 2833538 रुपए, पत्नी की चल संपत्ति 2890793, अपने नाम अचल संपत्ति 6200000, पत्नी के नाम 3800000, अपना कर्ज 308728, पत्नी का कर्ज 475235 बताया है। इसके अलावा 1489988 कीमत एक इनोवा गाड़ी व 2.42 लाख की एक नैनो कार बताई है। इसके अलावा 132000 के आभूषण, जबकि पत्नी के पास 330000 कीमत के आभूषण हैं। पिछले चुनाव में रास्वरूप ने अपने पास नकदी 30 हजार, पत्नी के पास 50 हजार, अपने गहनों की कीतम 1.20 लाख, पत्नी के गहनों की कीमत 2.70 लाख, अपनी चल संपत्ति 2 लाख 5 हजार 555, पत्नी के पास 19 लाख 73 हजार 316 दर्शाई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App