शिलाई के पूर्व विधायक ने किया अशयाड़ी-बकरास का दौरा

नाहन—शिलाई के पूर्व विधायक व नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने लोकसभा चुनाव को लेकर रविवार को अशयाड़ी व बकरास ग्राम पंचायत का दौरा किया। उन्होंने इस दौरान बूथ स्तरीय बैठकें की। साथ ही बकरास में जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने सभा को संबोधित करते कहा कि आज पूरे देश की जनता नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्सुकता में है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र में मात्र झूठी घोषणाओं और अधूरे उदघाटन के सिवाय कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि शिलाई में कांग्रेस की जनसभा हुई, जिसमें शिलाई विधायक ने कहा कि शिलाई में आईपीएच मंडल की जरूरत नहीं थी, जिससे उनकी मानसिकता साफ झलकती है कि वो विकास विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि अब शिलाई की जनता उनके झूठ को समझ चुकी है। अब जनता कांग्रेस को सबक सिखाकर न्याय करेंगे। बलदेव तोमर ने कहा कि जयराम सरकार ने मात्र एक साल में समूचे शिलाई विधानसभा क्षेत्र सहित टिंबी जोन के लिए भी कई विकास कार्य किए। बलदेव तोमर ने इस दौरान शिमला लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के पक्ष में वोट डालने की अपील की। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सूरत चौहान, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कुलदीप राणा, महेंद्र नेगी, जगत नेगी, सुखराम शर्मा, कल्याण सिंह, चमेल सिंह, धर्म सिंह, कुलदीप शर्मा, देवेंद्र तोमर, बहादुर सिंह, मित्र सिंह, शुप्पा राम पूर्व प्रधान, भाग सिंह, जोगेंद्र सिंह, बलबीर सिंह व कुंदन सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।