सतपाल सत्ती के बिगड़े बोल बने गले की फांस

By: Apr 17th, 2019 12:15 am

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को चुनाव आयोग का नोटिस, रामशहर थाने में एफआईआर

सोलन, बीबीएन –हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सत्ती के बिगड़े बोल अब उनके गले की फांस बन गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी सोलन ने कड़ा संज्ञान लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर चुनाव आयोग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उधर,रामशहर थाना पुलिस ने उनके खिलाफ शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सत्ती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रामशहर थाना पुलिस ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के मामले में सतपाल सत्ती के खिलाफ धारा 294 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जिला बद्दी प्रशासन ने मामला दर्ज करने की यह प्रक्रिया जिला उप न्यायवादी नालागढ़ से कानूनी राय लेने के उपरांत अमल में लाई है। दरअसल पुलिस इस हाई प्रोफाइल मामले में फूंक-फूं ककर कदम आगे बढ़ा रही है। यही वजह रही कि मंगलवार को पुलिस अधिकारी इस मामले को लेकर दिन भर कुछ भी बताने से गुरेज करते रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी सोलन विनोद कुमार ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से सतपाल सिंह सत्ती के बयान की जानकारी प्राप्त हुई है। इसी के आधार पर नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से इस बारे में 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। यदि उनकी तरफ से संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाता तो चुनाव आयोग नियमानुसार कार्रवाई करेगा। गौर रहे कि बीते सप्ताह नालागढ़ उपमंडल के तहत रामशहर में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के एक कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने सार्वजनिक तौर से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे में अपशब्द कहे। इसका वीडियो बढ़ी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सत्ती के खिलाफ रोष व्याप्त हो गया। इसी कड़ी में मंगलवार को प्रदेश स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष प्रदर्शन किया। सोलन में जिलाध्यक्ष शिव कुमार की अध्यक्षता में रोष प्रदर्शन किया गया। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से उनको बर्खास्त करने की मांग की। उधर, एसपी बद्दी रोहित मालपानी ने रामशहर पुलिस थाना में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ दर्ज हुए मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रामशहर पुलिस थाना में अपमानजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ आईपीसी की धारा 294 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App