सत्ती की जुबान ने बता दिया संघ का एजेंडा

By: Apr 18th, 2019 12:04 am

कुलदीप राठौर बोले, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने समुदाय विशेष पर भी की है अभद्र टिप्पणी

चंबा -प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने तंज कसते हुए कहा है कि आरएसएस संस्कृति व संस्कार की बात करता है, मगर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत्ती की अभद्र टिप्पणी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरएसएस का एजेंडा क्या है। भाजपा के जिस कार्यक्रम में सत्ती ने अभद्र टिप्पणी की, उसमें महिलाएं भी बैठी हुई थीं। राठौर ने कहा कि भाजपा नेता द्वारा राधास्वामी समुदाय पर भी अभद्र टिप्पणी की गई है। इसको लेकर चुनाव आयोग को नोटिस जारी कर दिया गया है, मगर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा इस पर किसी प्रकार का बयान नहीं दिया गया है। ऐसे में प्रतीत होता है कि भाजपा नेता द्वारा की गई अश्लील टिप्पणी को पार्टी और मुख्यमंत्री का भी समर्थन है। जिस कारण इसे लेकर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वह बुधवार को चंबा जिला मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा है कि भाजपा विकास के नाम पर नहीं, बल्कि शहीदों के नाम पर वोट मांग रही है।  लोगों को मुद्दों से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है, मगर देश व प्रदेश की जनता अब भाजपा की इस फितरत को पहचान चुकी है। प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा को मुंह की खानी पडे़गी। इसके अतिरिक्त उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह देश में राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ने में लगी है। राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कहा कि उन्हें अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए न कि कांग्रेस की। कौन चुनाव जीतेगा और कौन हारेगा, इसका फैसला लोग करेंगे, न कि भाजपा। मंडी संसदीय सीट पर अपनी साख बचाने के लिए भारी मशक्कत कर रहे मुख्यमंत्री कांग्रेस को कमजोर और अपने को मजबूत बताने का ढोंग रच रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि मौजूदा सांसद जीत के लिए मुख्यमंत्री के कंधों पर सवार हो कर वोट मांग रहे हैं।

कहा, मंडी के सांसद को जितवा नहीं पाएंगे सीएम

राठौर ने कहा कि मंडी उनका गृह क्षेत्र होने के बावजूद भी वह वर्तमान सांसद को जीत हासिल नहीं करवा पाएंगे। प्रदेश में भाजपा को सत्ता का कोई लाभ मिलने वाला नहीं। केंद्र में भाजपा की जुमलेबाजी और प्रदेश में विकास का झुनझुना लोगों ने देख लिया है। कांग्रेस ने अपने मजबूत प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं।

ऊना कांग्रेस सचिव सस्पेंड

शिमला—  कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने हर्ष सैणी सचिव जिला कांग्रेस कमेटी ऊना को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस संदर्भ में हर्ष सैणी को अपना स्पष्टीकरण देने के लिए सात दिन का समय दिया है। अन्यथा कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से निष्कासित कर दिए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App