सत्ती की टिप्पणी पर भड़की युवा कांग्रेस

गरली—भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व उनके परिवार पर की गई  टिप्पणी पर बवाल मचना शुरू हो गया है। सोमवार को भाजपा नेता के बिगडे़ बोल का पता चलते ही उपमंडल देहरा के अंतर्गत युवा कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित ठाकुर ने कहा कि नालागढ़ में भाजपा नेता ने जो आपत्तिजनक बयान राहुल गांधी व उत्तरप्रदेश की सबसे बड़ी संस्था राधा स्वामी पर दिया है, वो हिमाचल की जनता के लिए बहुत ही शर्मसार है।  ऐसी बयान बाजी करने से प्रतीत होता है कि भाजपा नेता का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है और अब प्रदेश में भाजपा चारों सीटें हार रही हैं, तो गाली-गलौज वाली राजनीति पर उतर गए है।  भाजपा के लोग इतनी घटिया राजनीति पर उतर गए है कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की माता सोनिया गांधी के लिए गाली निकाल दी। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जो हमारा दुश्मन देश पाकिस्तान है, वहां जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस देश को लव लैटर व पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की माता के पांव छूते हैं, तब भाजपा क्यों चुप है। युवा कांग्रेस ने बताया कि भाजपा नेता ने टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगी, तो कांग्रेस पार्टी भाजपा के खिलाफ  सड़कों पर उतरेगी। इस अवसर पर युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष संदीप ठाकुर, रिंपी, आजाद सिंह, राजीव शर्मा, सचिव बलजीत, अवनीश, शशांक राणा, शुशांत ठाकुर व करुण इत्यादि उपस्थित रहे।