हार देख गाली-गलौज पर उतरे भाजपा नेता

करसोग—मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा ने अपने चुनाव प्रचार अभियान के तहत सोमवार को दूसरे दिन भी करसोग विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर उनका कांग्रेसजनों ने जोश व उत्साह के साथ स्वागत किया। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री मनसा राम व पूर्व विधायक मस्त राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान आश्रय शर्मा ने विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब-जब देश में कांग्रेस नेतृत्व वाली और प्रदेश में कांग्रेस की वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में सरकार रही है, देश व प्रदेश में विकास का नया ध्येय लिखा गया है। इसके विपरीत जब भी भाजपा की सरकार केंद्र व प्रदेश में आई है, देश व प्रदेश में भय का माहौल पैदा हुआ है, लेकिन अब यह माहौल ज्यादा दिन रहने वाला नहीं है। देश की जनता ने एक बार फिर से कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना लिया है। प्रदेश में भी चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस शानदार विजय हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में अपनी हार देख कर भाजपा नेता ओछी राजनीति पर उतर आए हैं, वे चुनाव प्रचार के दौरान जनसभा में सरेआम गाली-गलौज कर रहे हंै, जिससे हिमाचल प्रदेश पूरे देश में शर्मसार हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की जयराम सरकार ने अपना ध्यान विकास की ओर दिया होता, तो आज अपनी हार देख बौखलाहट में न होते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। सांसद रामस्वरूप शर्मा अपने पांच साल के शासनकाल में जिला के लिए एक भी नई योजना स्वीकृत नहीं करवा पाए, आज वह मुख्यमंत्री के कंधे पर बैठ कर अपना बेड़ा पार लगाने का सपना देख रहे हंै। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव कुसुम लता, बीडीसी चेयरमैन चमोलू देवी, जिला परिषद सदस्य निर्मला चौहान सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता भी मौजूद रहें।