19 मई को हिमाचल आकर जरूर करें मतदान

By: Apr 18th, 2019 12:05 am

ऊना—सांसद अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में प्रवासी हिमाचलियों के एक सम्मेलन में उनसे आगामी लोकसभा चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह किया है। अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश से बाहर कदम रखने वाला हर हिमाचली बेहतर रोजगार और उज्ज्वल भविष्य के सपने संजोए देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी क्षमता का लोहा मनवा रहा है। हम हिमाचली सिर्फ रोजगार करने ही नहीं बल्कि रोजगार देने की क्षमता, अपनी ईमानदारी और मेहनत के बल पर आज पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान बनाने में सफल हुए हैं। देश के निर्माण और विकास के पहिए को गति देने में प्रदेशवासियों का अहम योगदान है। देश में लोकतंत्र के महापर्व ने पांच वर्षों बाद फिर से दस्तक दिया है। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अपने मताधिकार का उपयोग करना और अच्छी सरकार चुनना हमारा परम कर्त्तव्य है। मेरा आप सभी से आग्रह है कि आने वाले 19 मई को अपने सभी जरूरी काम निपटा कर हिमाचल पहुंच कर मतदान करें और अच्छी सरकार चुनने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।  अनुराग ठाकुर ने कहा कि विकास किस रफ्तार से आगे बढ़ेगा यह जागरूक मतदाता ही तय करते हैं। हिमाचल और देश की जनता ने 2014 लोकसभा चुनावों में में केंद्र में मोदी सरकार और 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार चुनकर हिमाचल के विकास को डबल इंजन लगाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव है और इसलिए प्रदेश के विकास के लिए कई हजार करोड़ की सौगातें मोदी सरकार ने प्रदेश को दी हैं। हिमाचल का विशेष राज्य का दर्जा जो कि पूर्व की कांग्रेस सरकार ने छीन लिया था उसे मोदी सरकार ने वापस देकर हिमाचल के हितों की रक्षा की है। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने मात्र सवा साल ही हुआ है और इस वित्तीय वर्ष में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को 10,500 करोड़़ रुपए की अतिरिक्त केंद्रीय आर्थिक सहायता मिली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App