मोरनी में बाइक सवार पर झपटा तेंदुआ
पंचकूला – मोरनी से पंचकूला में अपनी ड्यूटियों पर जाने वालों के लिए दपाणा थाना के बीच का एरिया खतरे की घंटी बनता जा रहा है। यहां पर आए दिन पांच से छह के बीच जाने वाले नौकरी पेशा लोगों को तेंदुआ मिलने की घटनाओ से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अपनी बाइक पर ड्यूटी को जा रहे विक्रम शर्मा (विक्की) की बाइक का कुछ मीटर तक तेंदुए ने पीछा भी किया, इस दौरान उसने लगातार बाइक का हार्न देते हुए बाइक को तेज करके जान अपनी बचाई। इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि वे सुबह स्कूलों के लिए बच्चों को जंगलों के इन्हीं रास्तों से पैदल भेजते हैं। कुछ अर्सा पहले कुछ बच्चे इसी इलाके से तेंदूए के शावकों को बिल्ली के बच्चे समझ कर घर उठा लाए थे। मोरनी के विक्रम शर्मा, खरोग के तिलक, जब्याल के दर्शन, जोगिंद्र, दीपक राणा बैहलो आदि ने बताया कि कुछ दिनों से लगातार इसी एरिया में सुबह तेंदुआ सड़क पर ही मिल रहा है। जिसे देखकर उनको हर रोज जान का भय सताता है। दरअसल पंचकूला व चंडीगढ़ में जाने वाले दर्जनों लोगो को अपनी बाइकों से ड्यूटी पर पहुचंने के लिए सुबह तड़के ही निकलना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि बाइक पर अगर वह हमला कर दे, तो बचना मुश्किल है। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र ही तेंदुए को पकड़ने का आग्रह किया है, ताकि वे खुद व अपने बच्चों को तेंदुए के खौफ से बचा सकें। लोगों को कहना है कि वे तेंदुए के खौफ से बुरी तरह सहमे हुए हैं।