अनुराग ने दिया करारा जवाब

हमीरपुर से बिलासपुर तक निकाला रोड शो, लोगों ने किया इस्तकबाल

हमीरपुर/बिलासपुर –हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में करीब 23 वर्षों से जीत का पताका लहराने वाली भारतीय जनता पार्टी इस बार भी यहां जीत दर्ज करने के लिए प्रयासरत है। संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर की जीत सुनिश्चित करने के लिए पिछले कुछ समय से पार्लिमेंट्री में नुक्कड़ और जनसभाएं करने वाली भाजपा ने बुधवार को बिलासपुर  से लेकर हमीरपुर तक एक रोड शो किया। बिलासपुर शहर से चला अनुराग ठाकुर का यह रोड शो कंदरौर, घुमारवीं, कुठेड़ा, जाहू, लदरौर, पट्टा, भोटा व दोसड़का से होता हुआ हमीरपुर के नादौन चौक पर आकर समाप्त हुआ। इस रोड शो में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और जनसमूह में उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे रोड शो के दौरान समूचा क्षेत्र मोदी-मोदी और अनुराग ठाकुर के नारों से गूंजता रहा और कार्यकर्ताओं ने पूरे रोड शो को अनुरागमय बना दिया। मीलों लंबे इस रोड शो में चले सैकड़ांे दोपहिया व अन्य वाहनों पर भाजपा के झंडे दिखाई दे रहे थे। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, पूर्व सैनिक, बुजुर्ग व हर वर्ग के लोग अनुराग ठाकुर के इस रोड शो में उमड़े थे। ऐसा जबरदस्त इस्तकबाल देखकर अनुराग ठाकुर भावुक भी हो गए।  इस रोड शो के दौरान जगह-जगह भारी जाम की भी स्थिति बनी और महिलाओं ने अनुराग ठाकुर की आरती भी उतारी और मंगल गीत गाए। पूरे रोड शो के दौरान अनुराग ठाकुर के ऊपर लोग फूल बरसाते रहे। अनुराग ठाकुर सड़कों के दोनों ओर खड़े लोगों और छत की मुंडेरों से झांक रही महिलाओं, बच्चों और बूढ़ों से हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकारते दिखे। इस रोड शो के बहाने अनुराग ने अपना शक्ति प्रदर्शन कर कांग्रेस को सोचने पर मजबूर किया है। युवा वोटरों का रोड शो में बड़ी तादाद में उमड़ना कहीं न कहीं यह साफ संदेश दे गया है कि अनुराग ठाकुर युवा वोटरों के यूथ आईकॉन व रोल मॉडल हैं।