अब 14 मई को आएंगी प्रियंका गांधी

By: May 11th, 2019 12:03 am

आशियाना देखने का भी मिलेगा मौका, पहले 17 को आने का था कार्यक्रम

शिमला – कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब 17 नहीं, बल्कि 14 मई को हिमाचल आ रही हैं। यहां प्रियंका गांधी सुंदरनगर और शिमला के ठियोग में जनसभा करेंगी। उनके कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। सूत्रों के अनुसार ठियोग में जनसभा के दौरान वह कुछ समय निकालकर अपने आशियाने पर भी जा सकती हैं। करीब तीन महीने से वह चुनावी व्यस्तताओं के चलते यहां छराबड़ा स्थित अपने आवास पर नहीं आई हैं। हालांकि उनका यह प्रवास कुछ देर का ही होगा, लेकिन पार्टी सूत्र बताते हैं कि उनके कार्यक्रम में इसे भी शामिल किया गया है। अब उस दिन हालातों को ध्यान में रखकर तय होगा कि वह अपने घर पर जा सकेंगी या फिर नहीं। क्योंकि उनकी यहां पर दो जनसभाएं होनी हैं और वह आएंगी भी उसी दिन लिहाजा समय मिलता है या नहीं, यह उसी दिन पता चलेगा। प्रियंका गांधी शिमला आती रही हैं। पिछली उनके साथ राहुल गांधी भी यहां आए थे। राहुल गांधी ने यहां आकर आसपास के क्षेत्रों क कई लोगों से मुलाकात भी की थी। वह साथ लगती जगहों पर घूमने भी निकले, जिसके बाद प्रियंका गांधी यहां पर चुनावी जनसभा के लिए आ रही हैं। इस तरह से कभी वह यहां के लोगों के साथ मुखातिब नहीं हुई थीं। पहली बार उनको पहाड़़ के लोगों से मिलने का मौका मिलेगा। जनसभा में शिमला संसदीय क्षेत्र के लोगों को बुलाया जा रहा है, जिसके लिए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने अपने सभी अग्रणी संगठनों को जहां यहां पर भीड़ जुटाने के लिए निर्देश दिए हैं वहीं तीनों जिलों के विधायकों व संगठन पदाधिकारियों पर जिम्मेदारी रहेगी। एक ही दिन में प्रियंका गांधी की दो जनसभाआें को लेकर कांग्रेस के नेताओं में खासा उत्साह है। पहली बार प्रदेश के लोग प्रियंका गांधी को यहां सार्वजनिक रूप से अपने बीच पाएंगे। कांग्रेस के शिमला संसदीय क्षेत्र के नेता व कार्यकर्ता जहां ठियोग की में जुटेंगे, वहीं सुंदरनगर में तीन संसदीय क्षेत्रों के लोगों को जुटाने की सोची गई है।

वोट बटोरने की तैयारी

शिमला क्योंकि वीरभद्र सिंह का गृह जिला है और प्रियंका का घर भी अब यहीं पर बन चुका है, लिहाजा यहां पर भी पहाड़ के वोटर लाने की तैयारियां चल रही हैं। प्रियंका गांधी को प्रदेश के  लोगों का कितना समर्थन मिलता है, यह देखना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App